। धनौरी क्षेत्र में पत्रकार विवेक के घर हुई लाखों रुपये की चोरी का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अभी तक बदमाशों तक नहीं पहुंच सकी है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब संदिग्धों की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरों में कैद हो चुकी हैं, तब भी पुलिस के हाथ खाली क्यों हैं?
वारदात के दौरान चोर घर से लाखों रुपये के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध बाइक पर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज मिलने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि पुलिस जल्द आरोपियों तक पहुंच जाएगी, लेकिन अब तक चोरी का खुलासा नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कैमरों में कैद चेहरों के बावजूद अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं, तो कानून-व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। पीड़ित परिवार ने भी जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी है। हालांकि क्षेत्र के लोगों का सवाल अब भी बरकरार है—आखिर कैमरों में कैद बदमाश पुलिस की पकड़ से बाहर क्यों हैं और लाखों की चोरी का खुलासा कब होगा?




