हरिद्वार। हरिद्वार यूनिवर्सिटी में चौथी अंडर-18 जूनियर खो-खो चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ उत्साह, उमंग और खेल भावना के बीच हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में भाजपा महिला मोर्चा उत्तराखंड की प्रदेश उपाध्यक्ष बहन रोमा सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में चौ. योगी रोड विधानसभा संयोजक (पिरान कलियर), सोशल मीडिया भारतीय जनता पार्टी, रुड़की ने भी प्रतिभाग कर युवा खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं स्थानीय क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन संसाधनों और उचित मंच के अभाव में कई खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को आगे नहीं बढ़ा पाते। ऐसी प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं।
प्रतियोगिता का आयोजन जिला खो-खो एसोसिएशन हरिद्वार के अध्यक्ष जहीर अहमद, महासचिव चैंपियन सूरज रोर तथा खेलो स्कूल स्पोर्ट्स प्रमोशन ट्रस्ट की कोषाध्यक्ष रचना देवी के नेतृत्व में किया जा रहा है। आयोजन को युवा खेल प्रतिभाओं को मंच देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल माना जा रहा है।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ खेलों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि स्वस्थ समाज, अनुशासित युवा शक्ति और मजबूत राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला भी हैं।
कार्यक्रम में यह संकल्प भी व्यक्त किया गया कि हरिद्वार सहित उत्तराखंड के ग्रामीण एवं स्थानीय क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच, आवश्यक संसाधन और पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे, ताकि यहां के प्रतिभाशाली खिलाड़ी जिला स्तर से आगे बढ़कर राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश एवं देश का नाम रोशन कर सकें।
प्रतियोगिता के शुभारंभ के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजकों एवं अतिथियों ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें पूरी खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
“खेलो, आगे बढ़ो और देश का नाम रोशन करो” के संदेश के साथ प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ।




