Blogउत्तराखंडकोटद्वारदेहरादूननैनीतालरूडकीहरिद्वार

रूड़की इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में ‘अनुगूंज 2026’ का भव्य आगाज़, प्रतिभाओं ने बिखेरा रंग

 

रुड़की। रूड़की इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘अनुगूंज 2026’ का शुभारंभ बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रख्यात उद्यमी, लेखक, कंटेंट क्रिएटर एवं मोटिवेशनल स्पीकर Ankur Warikoo द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन सीए सत्येन्द्र गुप्ता, वाइस चेयरमैन संजय अग्रवाल, मैनेजिंग ट्रस्टी यश अग्रवाल एवं नमन बंसल, महानिदेशक प्रो. एम.जे. निगम और निदेशक डॉ. पराग जैन सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि अंकुर वारिकू ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में छात्र-छात्राओं को जीवन में सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “हम अक्सर अपना जीवन शिकायतों में व्यतीत कर देते हैं, जो हमारी प्रगति में सबसे बड़ी बाधा बनती है। हमें हर परिस्थिति में आगे बढ़ने और आधुनिक सोच के साथ अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।” उनके विचारों ने उपस्थित युवाओं में नई ऊर्जा का संचार किया।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई, जिसकी प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके बाद देश के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झलक प्रस्तुत करते हुए छात्र-छात्राओं ने रंगारंग नृत्य और संगीत कार्यक्रमों से समां बांध दिया। प्रस्तुतियों ने ऐसा माहौल बनाया कि दर्शक मंत्रमुग्ध होकर तालियां बजाने पर मजबूर हो गए। वहीं, छात्रों द्वारा प्रस्तुत नाटक में महाभारत के कुरुक्षेत्र युद्ध का प्रभावशाली मंचन कर सभी को भाव-विभोर कर दिया।

इस अवसर पर वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय, देहरादून की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 267 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। संस्थागत परीक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को ‘एकेडमिक एक्सीलेंस अवॉर्ड’ के तहत प्रति छात्र ₹5000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

विश्वविद्यालय स्तर पर अंतिम वर्ष के चार छात्रों को विशेष उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया, जिनमें कंप्यूटर साइंस की जसनदीप कौर और सिविल इंजीनियरिंग के संजय शाही को गोल्ड मेडल, इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग की मरियम अंसारी को सिल्वर मेडल तथा इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के सुबोध राय को ब्रॉन्ज मेडल प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मैनेजिंग ट्रस्टी यश अग्रवाल एवं नमन बंसल ने विजेता छात्रों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं महानिदेशक प्रो. एम.जे. निगम, निदेशक डॉ. पराग जैन और कुलसचिव मुनेन्द्र चौहान ने भी सभी प्रतिभागियों को बधाई दी।

कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. रश्मि गुप्ता द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे आयोजन को आकर्षक और व्यवस्थित रूप से प्रस्तुत किया।

‘अनुगूंज 2026’ ने न केवल छात्रों की प्रतिभा को मंच दिया, बल्कि शिक्षा के साथ संस्कृति के समन्वय का भी शानदार उदाहरण पेश किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button