अल्मोड़ाउत्तराखंडकोटद्वारदेहरादूननैनीतालरूडकीहरिद्वार

मोहम्मदपुर पांडा निवासी के आरव सैनी ने NEET में किया कमाल, ऑल इंडिया रैंक 1579 और 648 अंक हासिल कर रुड़की में किया टॉप

 कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास के दम पर कलियर क्षेत्र के मोहम्मदपुर पांडा निवासी आरव सैनी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा NEET-UG में शानदार सफलता हासिल करते हुए ऑल इंडिया रैंक 1579 प्राप्त की है। आरव ने 648 अंक हासिल कर रुड़की क्षेत्र में शीर्ष स्थान प्राप्त किया और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से मोहम्मदपुर पांडा सहित पूरे कलियर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है और लोग उन्हें लगातार बधाइयां दे रहे हैं।

आरव सैनी ने अपनी सफलता का श्रेय लगातार मेहनत, परिवार के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है। उन्होंने नीट की तैयारी के लिए देहरादून में रहकर कोचिंग की। सफलता का यह सफर आसान नहीं था। पहले प्रयास में उन्हें असफलता का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार मानने के बजाय अपनी कमजोरियों को पहचाना और हर असफलता को सीख में बदलते हुए दूसरे प्रयास में शानदार प्रदर्शन कर यह मुकाम हासिल किया।

 

आरव के पिता मदनलाल सैनी पेशे से किसान हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने उनकी पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। उन्होंने बताया कि आरव ने शेफील्ड स्कूल से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई की थी। हाईस्कूल में उन्होंने 94 प्रतिशत और इंटरमीडिएट में 82 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। इसके बाद उन्होंने डॉक्टर बनने का सपना देखा और तैयारी के लिए देहरादून चले गए, जहां रहकर उन्होंने लगातार मेहनत की।

आरव की इस उपलब्धि पर परिवार में उत्सव जैसा माहौल है। परिजनों ने उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पिता मदनलाल सैनी ने कहा कि परिवार ने आरव की पढ़ाई के लिए हर संभव प्रयास किया और आज उनकी मेहनत रंग लाई है। उन्होंने कहा कि आरव ने यह साबित कर दिया है कि लगन, मेहनत और धैर्य के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

 

क्षेत्र के लोगों ने भी आरव सैनी की सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया है। उनका कहना है कि ग्रामीण परिवेश और सीमित संसाधनों के बावजूद इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करना यह दर्शाता है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो तो कोई भी सपना असंभव नहीं होता। आरव सैनी की यह सफलता निश्चित रूप से क्षेत्र के अन्य छात्र-छात्राओं को भी अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button