विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विधानसभा पिरान कलियर के ग्राम धनौरी में पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता को लेकर भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिला समूहों एवं युवाओं ने भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान गांव में हरियाली और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी जी रहीं। उन्होंने अमरूद एवं आंवले के 30 से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान पंचायत भवन परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत आंवले का पौधा भी रोपित किया गया। वृक्षारोपण के दौरान उपस्थित लोगों ने पौधों की सुरक्षा और देखभाल करने का भी संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि रोमा सैनी जी ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी जिम्मेदारी बन चुका है। लगातार बढ़ते प्रदूषण, घटते जलस्तर और पेड़ों की कटाई के कारण प्रकृति का संतुलन बिगड़ता जा रहा है। यदि समय रहते लोग जागरूक नहीं हुए तो आने वाले समय में गंभीर पर्यावरणीय संकट पैदा हो सकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल भी करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे केवल हरियाली ही नहीं देते, बल्कि मानव जीवन के लिए शुद्ध हवा, स्वच्छ वातावरण और बेहतर भविष्य का आधार भी हैं। पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तभी आने वाली पीढ़ियां स्वस्थ और सुरक्षित जीवन जी सकेंगी। उन्होंने ग्रामीणों और महिलाओं से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा जल संरक्षण करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान “पेड़ लगाओ, धरती बचाओ”, “जल है तो कल है” तथा “हरा-भरा हो संसार, तभी होगा हमारा उद्धार” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक एवं संवेदनशील बनाया गया। महिला समूह की बहनों एवं युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण बचाने का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
गांव के लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में जागरूकता फैलाने के साथ-साथ लोगों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनने की प्रेरणा देते हैं। ग्रामीणों ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान शालू सैनी, सुधीर सैनी, सुलोचना सैनी, रीना सैनी, सरिता सैनी, नीरज सैनी, दीपक सैनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




