उत्तराखंडकोटद्वारदेहरादूनरूडकीहरिद्वार

भारती स्कूल ऑफ नर्सिंग में योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा पर एकदिवसीय कार्यशाला

विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को दिए व्यावहारिक प्रशिक्षण के गुर, योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर

 

 

हरिद्वार। बेडपुर स्थित भारती स्कूल ऑफ नर्सिंग में भारतीय चिकित्सा परिषद उत्तराखंड के तत्वावधान में मंगलवार को “योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा” विषय पर एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में हरिद्वार जनपद के विभिन्न मान्यता प्राप्त संस्थानों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि भारतीय चिकित्सा परिषद उत्तराखंड के अध्यक्ष डॉ. जे.एन. नौटियाल रहे, जबकि बोर्ड सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह राणा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

 

कार्यशाला में डॉ. विनोद नौटियाल, संपर्क अधिकारी, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर, डॉ. रजनी नौटियाल, असिस्टेंट प्रोफेसर तथा डॉ. रविकांत शर्मा, विभागाध्यक्ष, स्पर्श हिमालयीय विश्वविद्यालय डोईवाला ने विद्यार्थियों को योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।

 

कार्यक्रम की शुरुआत में भारतीय चिकित्सा परिषद उत्तराखंड की रजिस्ट्रार नर्वदा गुसाईं ने कार्यशाला के उद्देश्य और विषय-वस्तु पर प्रकाश डाला। उन्होंने परिषद की ओर से योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों तथा संचालित पाठ्यक्रमों की जानकारी भी दी।

 

मुख्य अतिथि डॉ. जे.एन. नौटियाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा का अध्ययन केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रहना चाहिए। विद्यार्थियों को इसके व्यावहारिक पहलुओं को भी समझना जरूरी है। उन्होंने योग को स्वस्थ जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

 

कार्यशाला में विद्यार्थियों को आसन, प्राणायाम और ध्यान का प्रयोगात्मक अभ्यास कराया गया। इसके अलावा प्राकृतिक चिकित्सा से जुड़ी विभिन्न पद्धतियों, थेरेपी और उपचार प्रक्रियाओं के बारे में विशेषज्ञों ने जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से सवाल पूछकर विषय से जुड़ी अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।

 

परिषद की ओर से बताया गया कि आने वाले समय में तीन दिवसीय कार्यशालाओं का आयोजन भी किया जाएगा। इनमें योग, प्राकृतिक चिकित्सा, पंचकर्म सहित भारतीय चिकित्सा पद्धतियों से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों के व्याख्यान के साथ विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

 

कार्यशाला के सफल आयोजन पर भारतीय चिकित्सा परिषद उत्तराखंड के अध्यक्ष एवं रजिस्ट्रार ने भारती स्कूल ऑफ नर्सिंग के चेयरमैन पुष्कल नागयान, प्रधानाचार्य डॉ. कविता सैनी, कॉलेज रजिस्ट्रार लवप्रीत सिंह एवं डॉ. मनीषा जदली का आभार व्यक्त किया।

 

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को भारतीय चिकित्सा परिषद उत्तराखंड की ओर से प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर परिषद एवं भारती स्कूल ऑफ नर्सिंग के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button