बुग्गावाल। थाना बुग्गावाला क्षेत्र में देर रात्रि पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की विशेष टीमें लगातार कांबिंग अभियान चला रही हैं।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 19 जून 2026 की देर रात थाना प्रभारी अंकुर शर्मा के नेतृत्व में बुग्गावाला पुलिस यूपी बॉर्डर से थाना क्षेत्र के बंजारावाला की ओर जोनल चेकिंग एवं गश्त कर रही थी। इसी दौरान बंजारावाला की तरफ से दो संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर आते दिखाई दिए। पुलिस टीम द्वारा उन्हें रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस पर जानलेवा हमला करते हुए तमंचे से फायर झोंक दिया।
अचानक हुई फायरिंग में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद थाना प्रभारी अंकुर शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साहस और संयम का परिचय देते हुए जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर मौके पर ही दबोच लिया गया। वहीं दूसरा बदमाश अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।
पकड़े गए घायल बदमाश ने पूछताछ में अपना नाम लुकमान पुत्र गुफरान निवासी ग्राम गोकुलवाला, थाना बुग्गावाला, जनपद हरिद्वार बताया। उसके कब्जे से एक 315 बोर तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस तथा 9 जून 2026 को अमानतगढ़ स्थित फैक्ट्री में हुई फायरिंग की घटना से संबंधित पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद किया गया।
घायल आरोपी ने अपने फरार साथी की पहचान गुलजार निवासी खेड़ी शिकोहपुर, थाना भगवानपुर के रूप में बताई है। घायल बदमाश को उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रहे हैं।
थाना प्रभारी अंकुर शर्मा की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि अपराधियों के लिए बुग्गावाला क्षेत्र में कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं है। पुलिस की लगातार सख्ती से अपराधियों में हड़कंप का माहौल है, जबकि आम जनता में सुरक्षा का विश्वास और मजबूत हुआ है।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे भी सलाखों के पीछे पहुंचाने का दावा किया जा रहा है।




