आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह ने सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संघर्ष के लिए तैयार रहने की अपील की।
महक सिंह ने कहा कि हाल ही में हुई घटना ने लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सम्मान पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी ने अपने व्यवहार से मर्यादा और संवेदनशीलता की सीमाओं का उल्लंघन किया है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि इसी के विरोध में प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा। आंदोलन के तहत विभिन्न जिलों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सांकेतिक पुतले तथा संबंधित अधिकारी के नाम से भी सांकेतिक पुतला दहन किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और अनुशासित तरीके से विरोध दर्ज कराने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो आजाद समाज पार्टी पूरे प्रदेश में आंदोलन को और तेज करेगी, जिसकी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।




