भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी के नेतृत्व में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारियों एवं महिला कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में गंग नहर थाना, रुड़की में तहरीर देकर आरोपी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान महिला मोर्चा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि दोषी के खिलाफ शीघ्र और सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो मातृशक्ति सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेगी।
भाजपा महिला मोर्चा की ओर से कहा गया कि उत्तराखंड की मातृशक्ति का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। संगठन का आरोप है कि सोशल मीडिया पर “राजेंद्र उत्तराखंडी” नाम से संचालित एक अकाउंट द्वारा भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं के विरुद्ध अभद्र, अपमानजनक तथा महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियां की गई हैं। इसे महिलाओं के सम्मान और सामाजिक मूल्यों पर सीधा हमला बताते हुए महिला मोर्चा ने कानून के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की।
महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने कहा कि यह केवल भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं का मामला नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की महिलाओं के सम्मान का प्रश्न है। किसी भी महिला के खिलाफ अशोभनीय भाषा या अभद्र टिप्पणी को समाज में स्वीकार नहीं किया जा सकता। ऐसी मानसिकता पर अंकुश लगाने के लिए कानूनी कार्रवाई आवश्यक है।
प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी ने कहा कि महिलाओं की गरिमा और सम्मान की रक्षा के लिए भाजपा महिला मोर्चा हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर महिलाओं को अपमानित करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति ऐसी हरकत करने का साहस न कर सके।
प्रदेश आईटी सह-संयोजक नीलू साहनी ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बढ़ती अभद्रता को रोकने के लिए कानून का सख्ती से पालन कराया जाना चाहिए। वहीं प्रदेश मीडिया संयोजक डॉ. दिव्या नेगी ने कहा कि महिलाओं के सम्मान से जुड़ा यह विषय पूरे समाज की जिम्मेदारी है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
महानगर महिला मोर्चा अध्यक्ष सुमन संजय कुमार ने बताया कि प्रदेशभर में भाजपा महिला मोर्चा की बहनें अपने-अपने जिलों में भी संबंधित थानों में शिकायत दर्ज करा रही हैं, जिससे यह स्पष्ट संदेश जाए कि महिलाओं के सम्मान पर चोट पहुंचाने वाली मानसिकता को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
महिला मोर्चा की नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से महिला-विरोधी सोच का मजबूती से मुकाबला करेगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के विरुद्ध शीघ्र कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशभर में महिला मोर्चा व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी




