विद्युत चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलौर क्षेत्र में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिजली चोरी के 15 मामले पकड़े गए। विभागीय टीम ने मौके पर केबल उतरवाकर सील करने की कार्रवाई की और संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की।

विद्युत चोरी की प्राप्त शिकायतों के आधार पर विद्युत वितरण उपखंड मंगलौर, उपखंड रामनगर और सहायक अभियंता मापक भगवानपुर की संयुक्त टीम ने यह अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान मंगलौर के मोहल्ला ईदगाह, बंदरटोल, टांडा रोड और मालापुरा क्षेत्र में कार्रवाई की गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी करते पकड़े गए लोगों के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
अभियान का नेतृत्व उपखंड अधिकारी अनुभव सैनी ने किया। संयुक्त टीम में उपखंड अधिकारी रामनगर ओमपाल, सहायक अभियंता मापक भगवानपुर अरुण कुमार, अवर अभियंता मंगलौर विकास कुमार एवं अभिषेक सहित विभाग के लाइनमैन शामिल रहे।
बिजली चोरी करने वालों पर आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

विद्युत विभाग ने साफ किया कि बिजली चोरी रोकने के लिए भविष्य में भी संयुक्त टीमें गठित कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। विभाग का उद्देश्य बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के साथ विद्युत व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना है।
उपभोक्ताओं से बिजली का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की अपील
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की कि गर्मी के कारण बिजली की मांग और लोड बढ़ने पर विद्युत उपकरणों का उपयोग आवश्यकता के अनुसार करें। घरों में सभी अधिक बिजली खपत करने वाले उपकरण एक साथ चलाने से बचें और शाम के पीक समय में बिजली का सीमित उपयोग करें।
विभाग के अनुसार, सुचारू विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के लिए कर्मचारियों की टीमें लगातार प्रयासरत हैं। विद्युत व्यवस्था बेहतर बनाए रखने में उपभोक्ताओं का सहयोग भी महत्वपूर्ण है।




