उत्तराखंडकोटद्वारदेहरादूननैनीतालरूडकीहरिद्वार

कटिया डालकर AC और हीटर चलाने वालों पर कसा शिकंजा, 26 बिजली चोरी के मामले पकड़े

 

 

मंगलौर। बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी करने वालों में हड़कंप मचा दिया। 31 अगस्त 2026 को विद्युत वितरण उपखंड मंगलौर के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों के आधार पर विजिलेंस टीम और उपखंड मंगलौर की टीम ने संयुक्त रूप से ग्राम कुरड़ी और लहबोली में सघन विद्युत चेकिंग अभियान चलाया।

अभियान के दौरान कई लोग बिजली के मीटर से छेड़छाड़ अथवा बिना कनेक्शन के सीधे कटिया डालकर AC चलाते हुए पाए गए। वहीं कुछ स्थानों पर बिजली का अवैध इस्तेमाल कर हीटर पर खाना बनाने की बात भी सामने आई। टीम के अचानक पहुंचते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ लोगों ने कार्रवाई से बचने के लिए आनन-फानन में केबल खींचने का प्रयास किया।

चेकिंग के दौरान टीम ने कुल 26 विद्युत चोरी के मामले पकड़े। विभाग ने बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार पकड़े गए लोगों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के साथ ही मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

 

बिजली चोरी के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

 

विद्युत विभाग ने साफ किया है कि बिजली चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में भी विजिलेंस एवं उपखंड मंगलौर की टीम द्वारा संयुक्त रूप से अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।

 

चेकिंग टीम में अनुभव सैनी, उपखंड अधिकारी मंगलौर; आशीष एवं अभिषेक, अवर अभियंता मंगलौर; धनंजय सिंह, विकास कुमार, अजय सेमवाल एवं अनिल, सहायक अभियंता विजिलेंस; अनिता काला एवं सपना, अवर अभियंता विजिलेंस; मारुत साह एवं सरिता शाह, इंस्पेक्टर विजिलेंस तथा संजीव त्यागी, सब इंस्पेक्टर विजिलेंस आदि शामिल रहे।

 

भीषण गर्मी में बिजली बचाने की अपील

 

विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि बिजली चोरी के कारण विद्युत लाइनों पर अनावश्यक भार बढ़ता है, जिससे विद्युत व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है। विभाग भीषण गर्मी के बीच उपभोक्ताओं को 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है।

 

विभाग ने उपभोक्ताओं से बिजली का उपयोग आवश्यकता के अनुसार और सावधानीपूर्वक करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि बिजली चोरी पर रोक लगाने और सुचारू विद्युत व्यवस्था बनाए रखने में आम उपभोक्ताओं का सहयोग बेहद जरूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button