। उत्तराखण्ड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने बुधवार, 25 नवंबर 2026 को महाराष्ट्र के गोंदिया में पंवार प्रगतिशील मंच द्वारा आयोजित भव्य अभिनंदन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने समाज के लोगों से आत्मीय संवाद करते हुए शिक्षा, सामाजिक एकता, सेवा, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने कहा कि गोंदिया में पंवार समाज की संगठित यात्रा वर्ष 1900 से निरंतर आगे बढ़ रही है। समाज को शिक्षित, संगठित और प्रगतिशील बनाने में पूर्वजों का योगदान सराहनीय और प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने वर्ष 1976 में स्थापित श्री प्रगतिशील शिक्षण संस्था और वर्ष 1991 में गठित पंवार प्रगतिशील मंच की भूमिका की विशेष प्रशंसा की।
शिक्षा से ही मजबूत होगा समाज का भविष्य
राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की उन्नति का सबसे मजबूत आधार है। आर्थिक परिस्थितियों के कारण कोई भी प्रतिभाशाली बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। बेटियों को शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराने के साथ युवाओं को उच्च शिक्षा, कौशल विकास, विज्ञान, अनुसंधान और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल नौकरी पाने तक सीमित न रहें, बल्कि रोजगार सृजित करने वाले बनें।
सामाजिक सेवा के कार्यों की सराहना
राज्यपाल ने पंवार प्रगतिशील मंच द्वारा सांस्कृतिक भवन एवं छात्रावास निर्माण, चिकित्सा शिविर, सामूहिक विवाह और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज द्वारा सभी समुदायों को साथ लेकर चलना और चिकित्सा सेवाओं का लाभ हर वर्ग तक पहुंचाना सामाजिक समरसता की उत्कृष्ट मिसाल है।
किसानों की खुशहाली से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था
किसानों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए राज्यपाल ने कहा कि किसान देश की अन्न सुरक्षा का आधार हैं। आधुनिक कृषि तकनीक, जैविक खेती, दुग्ध उत्पादन और बेहतर बाजार व्यवस्था को बढ़ावा देकर किसानों की आय में वृद्धि की जा सकती है। कृषि को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
2047 तक विकसित भारत बनाने में समाज की भागीदारी जरूरी
राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने में देश के प्रत्येक समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है। शिक्षा, सेवा, आत्मनिर्भरता, नवाचार और सामाजिक समरसता को विकास का आधार बनाना होगा।
उन्होंने कहा कि भारत की क्षेत्रीय और सांस्कृतिक विविधताएं देश की सबसे बड़ी ताकत हैं, लेकिन हमारी सर्वोपरि पहचान भारतीयता और राष्ट्र के प्रति समर्पण है।
कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल ने युवाओं और समाज के लोगों से अपनी संस्कृति एवं परंपराओं को संरक्षित रखने, जरूरतमंदों की सहायता करने, किसानों का सम्मान करने और सभी समुदायों को साथ लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।




