। विधानसभा पिरान कलियर में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। इसी बीच धनौरी में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समरसता संकल्प यात्रा कार्यक्रम ने क्षेत्र की राजनीति को भी नई चर्चा दे दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी की सक्रिय भागीदारी खास चर्चा का विषय बनी रही।

रोमा सैनी ने कार्यक्रम में पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित सभी वरिष्ठ अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं संयोजक स्वामी यतीश्वरानंद, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी सहित अनेक वरिष्ठ नेता और संत समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की बड़ी भागीदारी और रोमा सैनी की सक्रियता ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को और तेज कर दिया। कलियर विधानसभा क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों के चलते रोमा सैनी का नाम भाजपा की संभावित दावेदारों में प्रमुखता से लिया जा रहा है।

कलियर विधानसभा में दावेदारी को मिल रही नई धार
राजनीतिक जानकारों की नजर में धनौरी का यह आयोजन रोमा सैनी के लिए अपनी राजनीतिक सक्रियता और संगठन में मजबूत उपस्थिति प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर रहा। मुख्यमंत्री की मौजूदगी वाले कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका और महिलाओं की भागीदारी ने उनकी कलियर विधानसभा से संभावित दावेदारी को लेकर चर्चाओं को नई गति दी है।
अब राजनीतिक हलकों में यह सवाल भी उठने लगा है कि क्या भाजपा आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में पिरान कलियर सीट पर रोमा सैनी को मौका देगी? फिलहाल पार्टी की ओर से प्रत्याशी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन क्षेत्र में उनकी सक्रियता ने चुनावी चर्चाओं को जरूर गर्म कर दिया है।

गुरु रविदास महाराज की जयंती पर आयोजित समरसता संकल्प यात्रा ने जहां सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया, वहीं दूसरी ओर कलियर विधानसभा की राजनीति में रोमा सैनी की सक्रियता ने 2027 के चुनावी समीकरणों को लेकर चर्चाओं को और दिलचस्प बना दिया।




