उत्तराखंडनगर पंचायत इमली खेड़ापिरान कलियररूडकीहरिद्वार

भारतीय शिक्षा बोर्ड की मेजबानी में पतंजलि में जुटेंगे देश-दुनिया के शिक्षा बोर्डों के दिग्गज

 

हरिद्वार। छात्रों के सर्वांगीण विकास, मानसिक-सामाजिक कल्याण और शिक्षा व्यवस्था के सामने उभरती नई चुनौतियों पर विचार-विमर्श के लिए देश-दुनिया के शिक्षाविदों और शिक्षा बोर्डों के प्रमुखों का जमावड़ा बुधवार से हरिद्वार में शुरू होने जा रहा है। भारत में काउंसिल ऑफ बोर्डस ऑफ स्कूल एजुकेशन इन इंडिया (कोब्से) का तीन दिवसीय वार्षिक विषयगत सम्मेलन 25 से 27 नवंबर तक पतंजलि योगपीठ स्थित पतंजलि रिसर्च इंस्टीट्यूट में आयोजित होगा। इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन का आयोजन भारतीय शिक्षा बोर्ड की ओर से पहली बार हरिद्वार में किया जा रहा है। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों के शिक्षा बोर्डों के चेयरमैन, सचिव और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। इसके साथ ही नेपाल, भूटान, मॉरीशस आदि देशों के प्रतिनिधि भी शिरकत करेंगे।

सम्मेलन का मुख्य विषय ‘छात्रों में सामाजिक-भावनात्मक विकास एवं कल्याण की चुनौतियां’ रखा गया है। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में विद्यार्थियों के सामाजिक एवं भावनात्मक विकास, उनके कल्याण और शिक्षा के बदलते परिदृश्य से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा होगी। सम्मेलन में विभिन्न शिक्षा बोर्डों के अनुभवों, विचारों और शैक्षिक दृष्टिकोणों के आदान-प्रदान के साथ इन चुनौतियों के समाधान पर भी मंथन किया जाएगा।

कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर योगगुरु स्वामी रामदेव, पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, कोब्से के अध्यक्ष डॉ. जी. इम्मानुएल तथा भारतीय शिक्षा बोर्ड के कार्यकारी चेयरमैन डॉ. एनपी सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगे। भारतीय शिक्षा बोर्ड की डायरेक्टर एकेडमिक डॉ. वंदना पाण्डेय ने बताया कि सम्मेलन को लेकर देश-विदेश के शिक्षा बोर्डों और प्रतिनिधियों में उत्साह है। भारत में काउंसिल ऑफ बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन इन इंडिया (कॉब्से) की स्थापना मई 1979 में सीबीएसई की पहल पर हुई थी। 9 मई 1979 को दिल्ली में सोसायटी पंजीकरण अधिनियम, 1860 के अंतर्गत पंजीकृत इस संगठन की शुरुआत सात सदस्यों के साथ हुई थी। वर्तमान में इसके सदस्यों की संख्या बढ़कर 74 हो चुकी है। इसके अलावा कई विदेशी बोर्ड और संस्थान इसके सहयोगी सदस्य हैं। कॉब्से देश के केंद्रीय एवं राज्य स्तर के स्कूल शिक्षा बोर्डों के बीच आपसी सहयोग और समन्वय के लिए साझा मंच प्रदान करता है। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी भी इसकी सहयोगी सदस्य है।

कॉब्से प्रतिवर्ष अपने सदस्य बोर्डों के सहयोग से एक विषय आधारित सम्मेलन आयोजित करता है। इसके अलावा यह बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों का वार्षिक विश्लेषण प्रकाशित करने और विभिन्न शिक्षा बोर्डों की प्रमाणिकता के सत्यापन जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी करता है। इस वर्ष हरिद्वार में आयोजित होने वाला सम्मेलन शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विचारों एवं अनुभवों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button