धनौरी। हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज धनौरी में दीपावली के पावन अवसर पर भव्य दीपावली मेले का आयोजन किया गया। मेले में कॉलेज के सभी संकायों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए। इसके साथ ही मनोरंजक गेम्स और विभिन्न गतिविधियों ने मेले में चार चांद लगा दिए। छात्र-छात्राओं ने मेले में जमकर खरीदारी और मनोरंजन किया। पूरे कॉलेज परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), रुड़की के प्राचार्य आकाश सारस्वत मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं ने जिस उत्साह, मेहनत और रचनात्मकता के साथ विभिन्न प्रकार के व्यंजन तैयार कर अपने स्टॉल लगाए हैं, वह बेहद सराहनीय है। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनने और व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने बच्चों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ इस तरह की गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। इससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और आगे बढ़ने की भावना विकसित होती है।

इस अवसर पर धनौरी चौकी प्रभारी महिपाल सैनी ने भी विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विभिन्न व्यंजनों के स्टॉलों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों ने अपनी मेहनत और कल्पनाशीलता से मेले को विशेष बना दिया है। इस तरह के आयोजन बच्चों की छिपी प्रतिभा को सामने लाने और उन्हें नए अनुभव देने का बेहतर माध्यम हैं।

मेले में कॉलेज के सभी संकायों की ओर से अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे। छात्राओं ने विशेष उत्साह के साथ व्यंजनों के स्टॉल सजाए। वहीं गेम्स और मनोरंजक गतिविधियों में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मेले में आए लोगों ने विभिन्न व्यंजनों का स्वाद लेने के साथ खेल गतिविधियों का भी आनंद उठाया।

इस अवसर पर डॉ. हर्ष सैनी डॉ. आदित्य सैनी, कॉलेज के प्राचार्य मुनेन्द्र सिंह, उपप्राचार्य योगेश कुमार सहित शिक्षकगण, कर्मचारी और क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन की सराहना की।




