। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और अराजकता करने वालों के खिलाफ दून पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सेलाकुई थाना पुलिस ने आवासीय कॉलोनी में खतरनाक तरीके से वाहन चलाकर स्टंटबाजी करने और स्थानीय लोगों से विवाद करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने संबंधित स्कॉर्पियो वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर की रात थाना सेलाकुई को सूचना मिली कि भागीरथी एनक्लेव में कपिल मेडिकल हॉल के सामने वाली गली में एक व्यक्ति स्कॉर्पियो को बेहद खतरनाक और अनियंत्रित तरीके से चला रहा है। स्थानीय लोगों ने जब उसे ऐसा करने से रोका तो वह उनके साथ विवाद करते हुए हंगामा करने लगा।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां स्थानीय लोगों द्वारा स्कॉर्पियो संख्या HR05BS-2726 को रोका हुआ था और उसका चालक नीरज लोगों के साथ जोर-जोर से हल्ला करते हुए विवाद कर रहा था। पुलिस की जांच में सामने आया कि वाहन चालक द्वारा कॉलोनी के भीतर कथित तौर पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाया जा रहा था, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।
मौके पर बढ़ती भीड़ और शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने नीरज को धारा 170 BNSS के तहत गिरफ्तार कर हिरासत में लिया। साथ ही स्कॉर्पियो वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया।
गिरफ्तार युवक का विवरण:
नीरज पुत्र राजेन्द्र सिंह, निवासी चोरगारसा, करनाल, हरियाणा, हाल निवासी झाझरा, प्रेमनगर, देहरादून, उम्र 23 वर्ष।




