। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर पिथौरागढ़ में आयोजित ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम में जनपद की प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने शिरकत की। रामलीला मैदान और लेलू स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु जीवन की कामना की और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि यह केवल दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा, त्याग और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के प्रति जनता का आभार और आशीर्वाद व्यक्त करने का अभियान है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में उज्ज्वला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुद्रा योजना, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित हो रही हैं। इन योजनाओं का लाभ समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच रहा है।

रेखा आर्या ने कहा कि आज युवा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और स्वरोजगार के माध्यम से अपने भविष्य को संवार रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और आमजन की समस्याओं का समाधान उनके द्वार तक जाकर किया जाए।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। 17 सितंबर से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा, जिसके तहत आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।
खेलों को लेकर प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों को युवा शक्ति और राष्ट्र निर्माण के महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में बढ़ावा दिया जा रहा है। ‘खेलो इंडिया’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण और छोटे शहरों की प्रतिभाओं को पहचान, प्रशिक्षण और बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन राज्य के लिए गौरव का विषय रहा।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित भारत का जो संकल्प लिया है, उसे पूरा करने के लिए सभी को मिलकर आगे बढ़ना होगा।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, मेयर कल्पना देवलाल, प्रदेश मंत्री दीपिका बोरा, दर्जाधारी गणेश भंडारी, जिला पंचायत सदस्य भावना लोहिया, पूर्व चेयरमैन नगर पालिका राजेंद्र रावत, जिलाधिकारी आशीष भटगाई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, सीडीओ दीपक सैनी, जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट, प्रधानाचार्य मनोज शर्मा, पार्षद नीरज जोशी, नगर मंडल प्रभारी कृपाल वल्दिया सहित पार्टी पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।




