उत्तराखंडदेशनैनीतालरूडकीहरिद्वार

रक्षा बंधन-जन्माष्टमी से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, मैकडोनल्ड पर मीट-आइसक्रीम की बिक्री पर रोक

 

 

हरिद्वार। रक्षा बंधन एवं जन्माष्टमी पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ सघन निरीक्षण अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पांडेय एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर शुक्रवार को हरिद्वार, ज्वालापुर, रुड़की और पिरान कलियर सहित विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों ने रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकानों और ऑनलाइन खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान कुल 12 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।

सबसे बड़ी कार्रवाई पेंटागन मॉल स्थित मैकडोनल्ड रेस्टोरेंट में सामने आई। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के निरीक्षण के दौरान बर्गर एवं अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे कटे हुए प्याज बदबूदार, खराब तथा मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए गए। इसके अलावा टॉर्टिला रैप के लेबल पर निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि मिटाए जाने का मामला भी सामने आया।

 

निरीक्षण में यह भी पाया गया कि फूड लाइसेंस में नए नोमिनी का इन्डोर्समेंट नहीं कराया गया था तथा मीट एवं मीट प्रोडक्ट और आइसक्रीम एवं डेजर्ट की खाद्य श्रेणियां भी लाइसेंस में इन्डोर्स नहीं थीं। विभाग ने तत्काल मीट प्रोडक्ट तथा आइसक्रीम-डेजर्ट के निर्माण एवं बिक्री पर रोक लगा दी। साथ ही रेस्टोरेंट के फूड लाइसेंस के निलंबन की संस्तुति की गई। मौके से आइसक्रीम डेजर्ट में इस्तेमाल होने वाले कोटेड क्रिस्पीज और बटर स्कॉच चॉको डिप के दो नमूने जांच के लिए लिए गए।

वहीं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा की टीम ने आर्यनगर एवं ज्वालापुर क्षेत्र में प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। आर्यनगर स्थित पिलपकार्ट के ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म इंस्टाकार्ट के निरीक्षण में कर्मचारियों के मेडिकल रिकॉर्ड, पानी की जांच रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल और स्टॉक से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जा सके। खाद्य पदार्थों का रखरखाव और भंडारण भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिला, जिस पर प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा पटियाला, पंजाब की एक देशी घी निर्माता कंपनी को भ्रामक दावों के संबंध में नोटिस दिया गया। यहां से देशी घी, भुना चना और दाल के तीन नमूने लिए गए।

 

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव ने उर्स मेले के मद्देनजर पिरान कलियर क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीम ने इलायची दाना, सोन हलवा, सोया रिफाइंड तेल और हल्दी पाउडर के चार नमूने जांच के लिए लिए।

 

इधर, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र पांडेय ने रुड़की शहर की मिठाई की दुकानों एवं रेस्टोरेंटों का निरीक्षण किया। टीम ने बेसन लड्डू, चॉकलेट बर्फी और चॉकलेट टॉफी के तीन नमूने लिए। निरीक्षण कार्रवाई के दौरान पुरानी तहसील और मेन बाजार क्षेत्र में कई दुकानें बंद होने लगीं।

 

खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और लाइसेंस संबंधी नियमों के उल्लंघन को लेकर जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button