इमलीखेड़ा, संवाददाता। अभिषेक सैनी
सावन माह और कांवड़ यात्रा के दौरान जहां लाखों शिवभक्त हरिद्वार की ओर बढ़ते हैं, वहीं ह्यूमैनिटी केयर पिछले कई वर्षों से मानव सेवा का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए इमलीखेड़ा में निशुल्क चिकित्सा शिविर का संचालन कर रही है। संस्था का उद्देश्य केवल उपचार करना नहीं, बल्कि थके-मांदे शिवभक्तों को स्वास्थ्य, सुरक्षा और सेवा का भरोसा देना है।

शिविर में अनुभवी डॉक्टरों और समर्पित स्वयंसेवकों की टीम दिन-रात श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी हुई है। यहां कांवड़ियों को बुखार, थकान, डिहाइड्रेशन, चोट और अन्य सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं का तुरंत उपचार, आवश्यक दवाइयां, ओआरएस तथा चिकित्सकीय परामर्श पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।

ह्यूमैनिटी केयर की यह सेवा वर्षों से बिना किसी भेदभाव के निरंतर जारी है। हर वर्ष हजारों शिवभक्त इस शिविर से लाभान्वित होते हैं और संस्था के सेवा भाव की सराहना करते हैं। शिविर में सेवा कर रहे स्वयंसेवकों का कहना है कि “मानव सेवा ही सबसे बड़ी पूजा है और शिवभक्तों की सेवा करना ही भगवान शिव की सच्ची आराधना है।”

स्थानीय नागरिकों ने भी संस्था की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज के समय में जब निस्वार्थ सेवा के उदाहरण कम देखने को मिलते हैं, ऐसे में ह्यूमैनिटी केयर पिछले कई वर्षों से बिना किसी प्रचार-प्रसार की अपेक्षा के समाज सेवा का उत्कृष्ट कार्य कर रही है।

सावन के इस पावन अवसर पर यह निशुल्क चिकित्सा शिविर न केवल शिवभक्तों के लिए राहत का केंद्र बना हुआ है, बल्कि मानवता, सेवा और समर्पण का जीवंत संदेश भी दे रहा है।




