उत्तराखंडदेहरादूनरूडकीहरिद्वार

भीषण गर्मी में बिजली चोरों पर बिजली विभाग का बड़ा प्रहार, मंगलौर में 20 लोग रंगे हाथों पकड़े गए

भीषण गर्मी में बिजली चोरों पर बिजली विभाग का बड़ा प्रहार, मंगलौर में 20 लोग रंगे हाथों पकड़े गए

 

मंगलौर, 24 जून 2026। बढ़ती गर्मी और लगातार बढ़ रहे विद्युत भार के बीच बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ विद्युत विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सख्त संदेश दिया है। विद्युत वितरण उपखंड मंगलौर एवं विजिलेंस टीम द्वारा संयुक्त रूप से चलाए गए विशेष अभियान में कस्बा मंगलौर के सीमलोनी, खोखरा कवा, गाढ़ा कॉलोनी और पठानपुरा क्षेत्रों में व्यापक जांच की गई, जिसमें 20 लोगों को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया।

 

चेकिंग के दौरान कई स्थानों पर लोग डायरेक्ट कटिया डालकर एसी चलाते मिले, जबकि कुछ जगहों पर अवैध कनेक्शन के जरिए अन्य भारी विद्युत उपकरण भी संचालित किए जा रहे थे। विजिलेंस और विभागीय टीम के अचानक पहुंचने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कार्रवाई से बचने के लिए कई लोगों ने जल्दबाजी में अवैध केबल हटाने और कनेक्शन छिपाने की कोशिश की, लेकिन टीम ने मौके पर ही साक्ष्य जुटाकर कार्रवाई की।

 

विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पकड़े गए सभी लोगों के खिलाफ नियमानुसार मुकदमा दर्ज कराया जाएगा और जुर्माना सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में ऐसे संयुक्त अभियान और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेंगे।

 

अभियान में उपखंड अधिकारी मंगलौर अनुभव सैनी, अवर अभियंता आशीष एवं विकास कुमार, सहायक अभियंता विजिलेंस धनंजय सिंह एवं विकास कुमार, अवर अभियंता विजिलेंस अनिता काला एवं सपना, इंस्पेक्टर विजिलेंस मारुत साह एवं सरिता शाह, तथा सब-इंस्पेक्टर विजिलेंस संजीव त्यागी सहित विभाग की पूरी टीम मौजूद रही।

 

जनहित में विभाग की अपील

 

विद्युत विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि भीषण गर्मी के इस दौर में बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रही है। ऐसे में बिजली चोरी न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे पूरे क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था प्रभावित होती है। विभाग 24×7 निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए लगातार प्रयासरत है, इसलिए सभी उपभोक्ता बिजली का उपयोग आवश्यकता अनुसार करें, अनावश्यक लोड से बचें और शाम के पीक समय में बिजली की खपत सीमित रखें।

 

“बिजली चोरी अपराध है — एक की चोरी, हजारों उपभोक्ताओं पर भारी।” 

 

“विभाग सतर्क है, कार्रवाई लगातार जारी है।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button