उत्तराखंडदेहरादूनरूडकीहरिद्वार

6वीं युवा विधानसभा का भव्य शुभारंभ, युवाओं ने सदन में रखे प्रदेश के मुद्दे

 

देहरादून। राजधानी में ‘युवा आह्वान’ संस्था के तत्वावधान में 6वीं युवा विधानसभा का भव्य शुभारंभ हुआ। 26 फरवरी तक चलने वाले इस आयोजन में उत्तराखंड के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों से आए युवा प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है।

सदन के प्रथम सत्र में वास्तविक विधानसभा जैसा वातावरण देखने को मिला। सत्ता पक्ष और विपक्ष की भूमिका निभा रहे युवाओं ने विभिन्न मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा की। इस दौरान मुख्य विषय ‘टेक्नोलॉजी और रोजगार’ रहा।

झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र से युवा विधायक अंकुर सैनी नगला ने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। वहीं पिरान कलियर विधानसभा से युवा विधायक पवन पाल ने कहा कि बेहतर तकनीक के उपयोग से प्रदेश में स्वरोजगार और नए रोजगार के अवसर सृजित किए जा सकते हैं।

विपक्ष की भूमिका निभा रहे युवाओं ने भी बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को सदन में प्रभावी ढंग से उठाने की बात कही।

संस्था के निदेशक रोहित ध्यानी ने बताया कि युवा विधानसभा का उद्देश्य प्रदेश के वास्तविक मुद्दों को सरकार तक पहुंचाना तथा युवाओं को संसदीय कार्यप्रणाली से अवगत कराना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में नेतृत्व, जिम्मेदारी और जनसेवा की भावना को प्रोत्साहित करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजकों का मानना है कि इस पहल से प्रदेश की राजनीति में युवाओं की सकारात्मक और रचनात्मक भागीदारी को नई दिशा मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button