ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस की बड़ी कार्रवाई
अवैध पशु कटान में 3 गिरफ्तार, भारी मात्रा में मांस व उपकरण बरामद
पिरान कलियर क्षेत्र में अवैध पशु कटान और पशु क्रूरता के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत की गई।
गौवंश संरक्षण स्क्वाड गढ़वाल रेंज हरिद्वार एवं कोतवाली पिरान कलियर पुलिस की संयुक्त टीम ने कलियर मीट मार्केट में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान रमजान पुत्र मंजूर निवासी वार्ड नंबर 1 कलियर अपनी किराये की दुकान में दो अन्य साथियों के साथ अवैध रूप से बिना लाइसेंस पशु कटान करते हुए पकड़ा गया।
मौके से लगभग 300 किलो भैंसवंशीय मांस, एक कुल्हाड़ी, तीन छुरियां और एक सुआ बरामद किया गया। जांच के दौरान आरोपियों से पशु वध एवं मांस बिक्री से संबंधित लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस निरीक्षण में दुकान के अंदर अत्यधिक गंदगी पाई गई। मृत पशु का रक्त फर्श पर बने गड्ढों में डाला जा रहा था तथा आसपास पशुमल फैला हुआ था, जिससे संक्रमण फैलने की आशंका जताई गई। पुलिस ने इसे जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा मानते हुए तत्काल कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपियों में समीर (20 वर्ष), रमजान (38 वर्ष) और अमन (21 वर्ष) शामिल हैं। तीनों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी
उपनिरीक्षक शरद सिंह, हेड कांस्टेबल सुनील सैनी, कांस्टेबल प्रवीण सैनी, राजेंद्र रावत, पूरन सिंह दानू, लखमीरी तथा प्रकाश मनराल ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया।




