उत्तराखंडरूडकीहरिद्वार

नाबालिग को ब्लैकमेल कर घर पर फायरिंग करने वाले तीन आरोपी तमंचे सहित गिरफ्तार, हरिद्वार पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन

नाबालिग को ब्लैकमेल कर घर पर फायरिंग करने वाले तीन आरोपी तमंचे सहित गिरफ्तार, हरिद्वार पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन

पिरान कलियर (हरिद्वार)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना पिरान कलियर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित तीन शातिर आरोपियों को अवैध तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों ने एक नाबालिग लड़की को ब्लैकमेल कर उसके परिवार को डराने के लिए घर पर फायरिंग की थी।

पुलिस के अनुसार ग्राम इमलीखेड़ा निवासी मुकेश उर्फ छेटा पुत्र इलम सिंह ने 7 मार्च 2026 को थाना पिरान कलियर में तहरीर देकर बताया था कि मुराद अंसारी निवासी नसीरपुर कला अपनी साथियों के साथ उनकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी को ब्लैकमेल कर रहा था और उसे लगातार धमकियां दे रहा था। आरोप है कि 7 मार्च की शाम आरोपी अपने साथियों के साथ इमलीखेड़ा स्थित उनके घर पहुंचा और परिवार में दहशत फैलाने के लिए जान से मारने की नीयत से देशी तमंचे से फायर कर मौके से फरार हो गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए थाना पिरान कलियर में मुकदमा अपराध संख्या 48/2026 दर्ज किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने लगातार दबिश और तलाश अभियान चलाया।

इसी दौरान 8 मार्च को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी अब्दाल शाह रोड की ओर जाने वाले रास्ते पर मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान मुख्य आरोपी मुराद अंसारी के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके अलावा आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया खोखा कारतूस भी बरामद कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुराद अंसारी पुत्र मुर्सलीन निवासी ग्राम नसीरपुर कला थाना पथरी (उम्र 20 वर्ष), दीपू सैनी पुत्र पपिन सैनी निवासी ग्राम भोवापुर चमरावल थाना पथरी (उम्र 19 वर्ष) तथा सुधांशु उर्फ ढोली पुत्र अजब सिंह निवासी ग्राम बादशाहपुर थाना पथरी (उम्र 20 वर्ष) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। हरिद्वार पुलिस ने साफ किया है कि महिला और बाल अपराधों के मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और क्षेत्र में गुंडागर्दी तथा दहशत फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस टीम में थानाध्यक्ष उप निरीक्षक रविंद्र कुमार, वरिष्ठ उप निरीक्षक सुनील दत्त पंत, उप निरीक्षक शहजाद अली, हेड कांस्टेबल संजय रावत, हेड कांस्टेबल रविंद्र बालियान और कांस्टेबल आबिद शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button