कलियर विधानसभा। इमलीखेड़ा गांव में श्मशान घाट की बदहाल व्यवस्था को लेकर एक बार फिर जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। श्मशान घाट पर मिट्टी डलवाने के लिए जब जिम्मेदारों की ओर से कोई ठोस पहल नहीं हुई तो ग्रामीणों ने खुद ही आगे आकर इसकी जिम्मेदारी संभाली और आपसी सहयोग से श्मशान घाट पर मिट्टी डलवाने का कार्य कराया।
ग्रामीणों की यह पहल जहां गांव के प्रति उनकी एकजुटता और जिम्मेदारी को दर्शाती है, वहीं जनप्रतिनिधियों की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। आखिर जिस गांव की जनता अपने स्तर पर विकास कार्यों में सहयोग कर रही है, वहां के जनप्रतिनिधि अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए आगे क्यों नहीं आ रहे हैं?
श्मशान घाट कोई सामान्य सार्वजनिक स्थान नहीं, बल्कि हर परिवार की जरूरत और सम्मान से जुड़ा हुआ स्थल है। यहां बेहतर रास्ता, पर्याप्त मिट्टी और अन्य जरूरी सुविधाएं होना बेहद आवश्यक है। बरसात के दिनों में ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए स्थायी व्यवस्था की जरूरत है।
ग्रामीणों के बीच अब यह चर्चा भी तेज हो रही है कि जब चुनाव नजदीक आते हैं तो जनप्रतिनिधि जनता के बीच पहुंचकर बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन आज गांव की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए जनता को खुद ही आगे आना पड़ रहा है।
सवाल जनप्रतिनिधियों से है—क्या जनता को केवल चुनाव के समय ही याद किया जाएगा? क्या गांव की समस्याओं का समाधान कराने के लिए भी चुनाव का इंतजार करना पड़ेगा?
ग्रामीणों की मांग है कि संबंधित जनप्रतिनिधि और विभाग इस मामले को गंभीरता से लेते हुए श्मशान घाट का स्थायी विकास कराएं, ताकि भविष्य में किसी परिवार को अंतिम संस्कार के समय परेशानियों का सामना न करना पड़े।
जनता ने अपना फर्ज निभा दिया, अब बारी जनप्रतिनिधियों की है। देखना यह है कि जिम्मेदार कब जागते हैं और इमलीखेड़ा को श्मशान घाट की बेहतर व्यवस्था कब मिलती है।




