रूड़की के पिरान कलियर में सहकारिता सप्ताह के दूसरे दिन पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मेहवड़ खुर्द उर्फ नागल स्थित बहुउद्देश्य सहकारी समिति में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समिति पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा सहकारिता आंदोलन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व पिरान कलियर विधानसभा प्रत्याशी एवं विधानसभा संयोजक मुनीश सैनी रहे। उनका पुष्पगुच्छ एवं फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुनीश सैनी ने भी गांव के बुजुर्गों का फूलमाला पहनाकर सम्मान किया।
अपने संबोधन में मुनीश सैनी ने कहा कि सहकारिता केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों, महिलाओं और ग्रामीण युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सकता है। सरकार भी सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है, जिनका लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि एवं निवर्तमान चेयरमैन अनिल पाल ने कहा कि सहकारी समितियां किसानों और आम नागरिकों के हितों की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने समिति के कार्यों की सराहना करते हुए सभी सदस्यों से पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में समिति की उपाध्यक्ष मधु सैनी, संचालक राकेश कुमार, नरसिंह, संदीप पाल, अभिनव सैनी, राकेश पाल, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष पंकज पाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने सहकारिता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को सहकारी संस्थाओं से जोड़ने पर बल दिया।
गोष्ठी के दौरान समिति के कार्यों की समीक्षा की गई तथा किसानों और ग्रामीणों को भविष्य में बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न सुझावों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया। अंत में सभी ने सहकारिता की भावना को मजबूत करने और ग्रामीण विकास में सक्रिय सहभागिता निभाने का सामूहिक संकल्प लिया।




