कलियर भाजपा में टिकट को लेकर उबाल, मुनीश सैनी के समर्थन में खुलकर बोले कुछ पदाधिकारी
रुड़की/कलियर। कलियर विधानसभा सीट पर भाजपा टिकट को लेकर सियासी माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। संगठन के कुछ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा सोशल मीडिया पर किए जा रहे पोस्ट अब राजनीतिक चर्चा का विषय बन गए हैं। इन पोस्टों में मुनीश सैनी को पार्टी का मजबूत दावेदार बताते हुए उन्हें टिकट दिए जाने की मांग उठाई जा रही है।

कुछ पदाधिकारियों ने अपनी पोस्ट में यह राय भी व्यक्त की है कि यदि पार्टी इस बार मुनीश सैनी को उम्मीदवार नहीं बनाती, तो चुनाव में भाजपा को नुकसान उठाना पड़ सकता है। उनका कहना है कि मुनीश सैनी लंबे समय से संगठन के प्रति सक्रिय और समर्पित रहे हैं तथा क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ और जनसंपर्क का लाभ पार्टी को मिल सकता है।

दूसरी ओर, भाजपा की ओर से अभी तक किसी भी उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में टिकट को लेकर चर्चाओं और समर्थकों की सक्रियता ने कलियर की राजनीति को और गर्मा दिया है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि टिकट वितरण से पहले कार्यकर्ताओं की ओर से खुलकर सामने आ रही राय यह संकेत देती है कि कलियर सीट पर मुकाबला केवल विपक्ष से नहीं, बल्कि टिकट की दावेदारी को लेकर भी बेहद दिलचस्प होने वाला है। अब सभी की नजरें भाजपा नेतृत्व के अंतिम निर्णय पर टिकी हैं।




