श्री ओम विश्वविद्यालय में भव्य स्पोर्ट्स मीट का आयोजन, छात्रों में दिखा खेलों के प्रति उत्साह
रुड़की/हरिद्वार।
उत्तराखण्ड विधानसभा से पारित श्री ओम विश्वविद्यालय में खेल प्रतिभाओं को निखारने और छात्रों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वार्षिक खेल प्रतियोगिता (Sport Meet) का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की सभी शाखाओं के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
स्पोर्ट्स मीट का सफल आयोजन डॉ. अनिल कुमार झा (जैन आयुर्वेदिक) के कुशल नेतृत्व में किया गया। खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री मुनीश सैनी द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के गणमान्य पदाधिकारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलाधिपति श्री मुनीश सैनी ने कहा कि “खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं।” उन्होंने छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
इस स्पोर्ट्स मीट के अंतर्गत आउटडोर खेलों में क्रिकेट, वॉलीबॉल, फुटबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, खो-खो, रस्साकशी एवं रेस जैसे खेल शामिल रहे, वहीं इंडोर खेलों में कैरम, लूडो, शतरंज और रिंगो पोस्टर पेंटिंग जैसी गतिविधियाँ आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं का संचालन विश्वविद्यालय की सभी प्रभाग समितियों द्वारा सुचारू रूप से किया गया।
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि खेल प्रतियोगिता का समापन 20 दिसंबर 2025 को होगा, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भी आयोजन किया जाएगा।
गौरतलब है कि श्री ओम विश्वविद्यालय को हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जा चुका है। विश्वविद्यालय आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं, अनुभवी शिक्षकों और नवाचार को बढ़ावा देने वाले वातावरण के लिए जाना जाता है।
यह आयोजन छात्रों के सर्वांगीण विकास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।




