रुड़की। पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र के अनेक गांवों में संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती बड़े ही श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाई गई। कार्यक्रमों का नेतृत्व भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पिरान कलियर विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी मुनीश कुमार सैनी ने किया।
इस अवसर पर मुनीश कुमार सैनी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास ने अपनी अमूल्य शिक्षाओं और रचनाओं के माध्यम से समाज को समानता, एकता, मानव प्रेम और कर्म प्रधानता का संदेश दिया। उन्होंने जाति-पाति और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता को सर्वोपरि मानने की प्रेरणा दी। गुरु रविदास जी ने प्रेम, आत्मज्ञान और मानवता को ही सच्चा धर्म बताया तथा समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने का मार्ग दिखाया।
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि गुरु रविदास जी का यह स्पष्ट संदेश था कि मनुष्य जन्म से नहीं, बल्कि अपने कर्मों से महान बनता है। उन्होंने ईश्वर के प्रति निस्वार्थ प्रेम और समर्पण को सच्ची भक्ति बताया तथा आध्यात्मिक ज्ञान के लिए किताबी ज्ञान से अधिक आत्मा की आवाज और सत्संग पर विश्वास करने पर बल दिया।
मुनीश कुमार सैनी ने बताया कि पूरे कलियर विधानसभा क्षेत्र में जयंती को अत्यंत उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। जगह-जगह धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, भंडारे लगाए गए और प्रसाद का वितरण किया गया। संत शिरोमणि गुरु रविदास के मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया, जहां सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया गया।
उन्होंने बताया कि हकीमपुर तुर्रा, इमलीखेड़ा, कमालपुर, भारापुर भौरी, बेलडी, रहमतपुर, सुनहरा, रामपुर, पाड़ली, शंकरपुरी, बेलड़ा, दरियापुर, नागल, पलूनी सहित अनेक गांवों में संत रविदास जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई और श्रद्धालुओं ने एकजुट होकर जयंती समारोह मनाया।
कार्यक्रमों के माध्यम से संत शिरोमणि गुरु रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया, जिससे समाज में भाईचारा, एकता और समरसता को और अधिक मजबूती मिल सके।




