पिरान कलियर। उत्तराखंड की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से राजनीतिक बिसात बिछने लगी है। खासकर पिरान कलियर विधानसभा सीट पर भाजपा के टिकट को लेकर दावेदारों की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। इसी बीच भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी ने अपने इरादे स्पष्ट करते हुए चुनावी मैदान में उतरने का मजबूत संकेत दिया है। उन्होंने साफ कहा कि वह पिरान कलियर विधानसभा से अपनी दावेदारी पेश कर रही हैं और अपनी दावेदारी से पीछे हटने वाली नहीं हैं।

रोमा सैनी के इस बेबाक बयान ने कलियर की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। उन्होंने मौजूदा कांग्रेस विधायक फुरकान अहमद पर निशाना साधते हुए उनकी शैक्षणिक योग्यता को लेकर सवाल उठाए और उन्हें ‘एजुकेटेड नहीं’ बताया। उनके इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस विधायक के खिलाफ भाजपा की ओर से राजनीतिक चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।
टिकट की दौड़ में रोमा सैनी का दावा मजबूत करने की कोशिश

पिरान कलियर विधानसभा में भाजपा की ओर से टिकट के कई संभावित दावेदारों के नाम चर्चाओं में हैं। ऐसे माहौल में रोमा सैनी का खुलकर अपनी दावेदारी का ऐलान करना पार्टी के अंदरूनी राजनीतिक समीकरणों को भी दिलचस्प बना रहा है। महिला मोर्चा में प्रदेश स्तर की जिम्मेदारी निभा रहीं रोमा सैनी क्षेत्र में अपनी राजनीतिक सक्रियता और जनसंपर्क के जरिए अपनी दावेदारी को मजबूत करने में जुटी हैं।
क्या 2027 में बदलेगा कलियर का सियासी समीकरण?
पिछले चुनावों से लेकर अब तक पिरान कलियर विधानसभा सीट पर कांग्रेस का प्रभाव रहा है। ऐसे में भाजपा के सामने इस सीट पर मजबूत प्रत्याशी उतारने की चुनौती होगी। रोमा सैनी के ताजा बयान ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह टिकट की दौड़ में अपनी दावेदारी को लेकर पीछे हटने के मूड में नहीं हैं।
अब राजनीतिक गलियारों में सबसे बड़ा सवाल यही है कि भाजपा हाईकमान पिरान कलियर में किस चेहरे पर भरोसा जताएगा? क्या रोमा सैनी को पार्टी का टिकट मिलेगा या किसी अन्य दावेदार के नाम पर मुहर लगेगी?

फिलहाल रोमा सैनी के बयान ने पिरान कलियर की राजनीति में चुनावी चर्चाओं को तेज कर दिया है। 2027 का चुनाव भले ही अभी दूर हो, लेकिन टिकट की दावेदारी, राजनीतिक बयानबाजी और नेताओं की बढ़ती सक्रियता ने कलियर विधानसभा में चुनावी माहौल तैयार करना शुरू कर दिया है।




