हरिद्वार विश्वविद्यालय में खेल प्रतिभाओं का भव्य सम्मान, स्पोर्ट्स कार्निवल 2026 बना यादगार
हरिद्वार विश्वविद्यालय में आयोजित स्पोर्ट्स कार्निवल 2026 का समापन उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ हुआ। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित भव्य पुरस्कार वितरण समारोह में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों का जोश और खेलों के प्रति समर्पण देखने लायक रहा।
स्पोर्ट्स कार्निवल के दौरान क्रिकेट, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, खो-खो, कबड्डी, टग ऑफ वॉर, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज, कैरम और एथलेटिक्स की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके अलावा जिम प्रतियोगिताओं में बेंच प्रेस, स्क्वाट्स, डेडलिफ्ट और आर्म रेसलिंग जैसे मुकाबलों में भी विद्यार्थियों ने दमखम दिखाया। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
पुरस्कार वितरण समारोह में विश्वविद्यालय के अध्यक्ष सीए एस.के. गुप्ता, प्रो वाइस चांसलर डॉ. आदेश आर्य, रजिस्ट्रार सुमित चौहान एवं ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर प्रज्वल चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष सीए एस.के. गुप्ता ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास की मजबूत नींव हैं। खेलों से अनुशासन, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास होता है, जो जीवन में सफलता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने आयोजन की जमकर सराहना की। रंगारंग माहौल और खिलाड़ियों के उत्साह ने स्पोर्ट्स कार्निवल 2026 को विश्वविद्यालय के सबसे यादगार आयोजनों में शामिल कर दिया।




