27 नवंबर 2025 को लिटिल स्कॉलर्स विद्यालय में वार्षिक उत्सव ‘सीज़नल यूफोरिया’ का आयोजन पूरे जोश और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि काशीपुर के मेयर माननीय दीपक बाली थे ।कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के स्वागत और सम्मान , तत्पश्चात दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद प्रधानाचार्या शिखा गौतम ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों, शैक्षणिक और सांस्कृतिक प्रगति पर प्रकाश डाला।
इसके बाद बैंड परफॉर्मेंस और सरस्वती वंदना के द्वारा कार्यक्रम को विधिवत आरंभ किया गया।
विभिन्न ऋतुओं पर आधारित इस वार्षिक उत्सव में छात्रों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें उनकी मेहनत और प्रतिभा साफ झलक रही थी। नन्हे बच्चों (नर्सरी से कक्षा 2) ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। देश की संस्कृति और त्योहारों पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किए गए। लोकनृत्यों की रंगारंग प्रस्तुतियां हुईं, जो भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती हैं।
‘मानसून मैनिया’ के अंतर्गत दशावतार और ‘जय जवान जय किसान’ दर्शकों को सम्मोहित करने में पूर्णत: सफल रहा।
इसके बाद मुख्य अतिथि दीपक बाली जी ने अपने प्रेरणादायक शब्दों के माध्यम से छात्रों को प्रोत्साहित किया।
शरद ऋतु के विभिन्न त्योहार जैसे दुर्गा पूजा नवरात्रि को दर्शाने के पश्चात ‘डॉ. फास्टर एंड सेवन सिंस’ नामक अंग्रेजी नाटक ने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके बाद ‘ फ्रेंच गीत गाकर बच्चों ने अपनी प्रतिभा का सुंदर परिचय दिया।
अनेक गणमान्य अतिथि कार्यक्रम में उपस्थित हुए जिनमें ब्रिगेडियर सुखबीर सिंह कमांडेंट आर.टी.एस, हेमपुर , श्री जितेंद्र कुमार सोनकर एडिशनल कमिश्नर (आई.आर.एस), श्धरेंद्र साहू बी.ई.ओ.काशीपुर , मुक्ता सिंह (प्रबंधक समर स्टडी), योगराज सिंह, पूनम जोशी तथा रचना विश्नोई , दिनेश नेगी (प्रिंसिपल राजपूताना इंटर कॉलेज काशीपुर), पी.सी. तिवारी (प्रिंसिपल के पी सी), उमेश डालाकोटी(प्रिंसिपल शैंफोर्ड स्कूल, काशीपुर), उपासना यादव (प्रिंसिपल होली एंजेल) आदि मुख्य थे।
कार्यक्रम का समापन ऋतु भल्ला द्वारा दिए गए धन्यवाद ज्ञापन से हुआ। अंत में, राष्ट्रगान के साथ इस भव्य आयोजन का समापन हुआ।
इस वार्षिक उत्सव ने न केवल छात्रों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया, बल्कि सांस्कृतिक विविधता, एकता और समर्पण का अद्भुत उदाहरण भी प्रस्तुत किया। यह आयोजन विद्यालय परिवार और छात्रों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बनकर उभरा।



