भाजपा ओबीसी मोर्चा को मिला सशक्त नेतृत्व, मंडल अध्यक्ष कविंदर सैनी को विधायक अरविंद पांडेय का संरक्षण और मार्गदर्शन
गदरपुर।
भारतीय जनता पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। भाजपा ओबीसी मोर्चा गदरपुर के नव नियुक्त मंडल अध्यक्ष कविंदर सैनी ने दायित्व संभालने के पश्चात गदरपुर के लोकप्रिय विधायक एवं उत्तराखंड सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री माननीय अरविंद पांडेय जी के आवास पर पहुंचकर शिष्टाचार भेंट की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर कविंदर सैनी ने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह उसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संगठनात्मक अनुशासन के साथ निभाएंगे। उन्होंने ओबीसी समाज को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
माननीय विधायक अरविंद पांडेय जी ने कविंदर सैनी को नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसा दल है जो समाज के हर वर्ग को नेतृत्व का अवसर देता है। उन्होंने विश्वास जताया कि कविंदर सैनी के नेतृत्व में ओबीसी मोर्चा गदरपुर में संगठन की रीढ़ बनेगा और पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करेगा।
भेंट के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता अजय तिवारी जी, पूर्व मंडल महामंत्री युवा मोर्चा बंटी कंबोज जी, इकबाल चंद कंबोज जी, भाजपा कार्यकर्ता भूकन सैनी जी, कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल के छात्र संघ महासचिव सौरभ शर्मा जी सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। सभी ने कविंदर सैनी को पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो यह मुलाकात केवल शिष्टाचार नहीं बल्कि ओबीसी मोर्चा को नई ऊर्जा, नई दिशा और नई धार देने वाला संदेश है। इससे गदरपुर क्षेत्र में भाजपा संगठन को और मजबूती मिलने की संभावना जताई जा रही है।




