न्यूयॉर्क में जैन आचार्य लोकेशजी का भव्य स्वागत, विश्व शांति के प्रयासों की सराहना
न्यूयॉर्क। वैश्विक स्तर पर शांति, अहिंसा और सद्भावना का संदेश देने वाले WE SUPPORT PEACE अभियान के न्यूयॉर्क पहुंचने पर भारत के कॉन्सुल जनरल न्यूयॉर्क बिनय प्रधान ने जैन आचार्य आचार्य लोकेशजी का शाल ओढ़ाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने विश्व शांति एवं मानव कल्याण के लिए आचार्य लोकेशजी द्वारा किए जा रहे प्रयासों की मुक्त कंठ से सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान आचार्य लोकेशजी ने हाल ही में हुए अमेरिका-ईरान शांति समझौते का स्वागत करते हुए इसे वैश्विक शांति की दिशा में एक सकारात्मक और महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि संवाद, सहिष्णुता और अहिंसा ही विश्व में स्थायी शांति स्थापित करने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने सभी पक्षों को इस पहल के लिए साधुवाद देते हुए आशा व्यक्त की कि इससे विश्व में शांति और सहयोग का नया वातावरण बनेगा।
आचार्य लोकेशजी ने कहा कि वर्तमान समय में विश्व को युद्ध नहीं, बल्कि शांति, प्रेम और मानवीय मूल्यों की आवश्यकता है। WE SUPPORT PEACE अभियान इसी संदेश को लेकर दुनिया भर में लोगों को जोड़ने का कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर करमजीत सिंह धालीवाल भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि विश्व शांति और मानवीय एकता के लिए चलाए जा रहे अभियान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक समर्थन मिल रहा है, जो एक सकारात्मक संकेत है।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और उपस्थित लोगों ने विश्व शांति एवं अहिंसा के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।




