उत्तराखंडदेहरादूनरूडकीहरिद्वार

हरिद्वार में करोड़ों के विकास कार्यों में गड़बड़ी, ग्राम प्रधान पद से हटाई गईं बसंती देवी

हरिद्वार में करोड़ों के विकास कार्यों में गड़बड़ी, ग्राम प्रधान पद से हटाई गईं बसंती देवी

 

हरिद्वार जिले की ग्राम पंचायत अकोड़ा खुर्द में विकास कार्यों में भारी अनियमितताओं का मामला सामने आया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम प्रधान बसंती देवी को पद से हटाने के आदेश जारी कर दिए हैं।

 

मामला विकासखंड लक्सर की कश्यप बस्ती में सीसी सड़क निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल किए जाने की शिकायत से जुड़ा है। शिकायत के बाद कराई गई जांच में सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की कमी, तकनीकी खामियां और एक ही सड़क को अलग-अलग दिखाकर भुगतान किए जाने जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

 

जांच में यह भी पाया गया कि ग्राम पंचायत के कई महत्वपूर्ण अभिलेख, जैसे बैंक पासबुक, कैशबुक, स्टॉक रजिस्टर और वित्तीय रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराए गए। ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर दर्ज सूचनाओं और वास्तविक कार्यों में भी बड़ा अंतर मिला।

 

रिपोर्ट में कुछ निर्माण कार्य निजी व्यक्तियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से कराए जाने की बात भी सामने आई है। जांच अधिकारियों ने ग्राम निधि के दुरुपयोग और योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही की पुष्टि की है।

 

जिलाधिकारी ने उत्तराखंड पंचायतीराज अधिनियम 2016 की धारा-138(1) के तहत कार्रवाई करते हुए ग्राम प्रधान बसंती देवी को पद से हटाने के आदेश दिए हैं। साथ ही वित्तीय अनियमितताओं की धनराशि की वसूली और अन्य संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों की भूमिका की जांच के निर्देश भी दिए गए हैं।

 

डीएम ने साफ कहा है कि विकास कार्यों में भ्रष्टाचार और अनियमितता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button