युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत (MY Bharat), हरिद्वार के तत्वावधान में शनिवार को हरिओम सरस्वती कॉलेज, हरिद्वार में नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट 2026-27 के अंतर्गत ‘नशा मुक्त युवा’ थीम पर ‘योग फॉर नशा मुक्त युवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए योग अपनाने, स्वस्थ जीवनशैली जीने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों का माल्यार्पण एवं बैज लगाकर स्वागत और सम्मान किया गया। कार्यक्रम में हरिओम सरस्वती कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मुनेन्द्र सिंह, उपप्राचार्य डॉ. योगेश योगी, हेमंत खड़ख्वाल (CPM DISHA, हरिद्वार), अधिवक्ता हरीश कुमार, अरुण सैनी, यशोदा सैनी और दीपक कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम की आयोजक एवं मेरा युवा भारत, हरिद्वार की पूर्व राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक (NYV) प्रेरणा सैनी ने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा योग और अनुशासन को अपने जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा देश की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवा नशे से दूर रहकर अपने स्वास्थ्य, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों पर ध्यान दें, तो वे न केवल अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशे की लत युवाओं के भविष्य के साथ-साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है। ऐसे में युवाओं को जागरूक करना और उन्हें योग, नियमित व्यायाम तथा अनुशासित जीवनशैली के प्रति प्रोत्साहित करना बेहद जरूरी है। वक्ताओं ने सभी से नशामुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
आयोजक प्रेरणा सैनी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, हरिओम सरस्वती कॉलेज के प्राचार्य, उपप्राचार्य और कॉलेज प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अल्प सूचना पर कार्यक्रम के आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने में कॉलेज प्रबंधन का सहयोग सराहनीय रहा।

कार्यक्रम का समापन युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने, समाज में जागरूकता फैलाने और स्वस्थ, सशक्त एवं नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के संकल्प के साथ हुआ।




