। हरिद्वार पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामले में फरार चल रहे वार्ड नंबर 4, इमलीखेड़ा निवासी अब्दुल रहमान को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को बेलड़ा निवासी अतिकुर्रहमान ने कोतवाली पिरान कलियर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि वार्ड नंबर 4, इमलीखेड़ा निवासी अब्दुल रहमान पुत्र इकलाख ने उनकी पुत्री को वर्ष 2020 से शादी का झांसा देकर लगातार दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मु.अ.सं. 178/2026 पंजीकृत करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(m) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3(क), 4(2), 5(ठ) एवं 6 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने लगातार दबिश, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से कार्रवाई करते हुए 29 जुलाई 2026 को वार्ड नंबर 4, इमलीखेड़ा निवासी अब्दुल रहमान (23 वर्ष) को रहमतपुर गांव से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
हरिद्वार पुलिस ने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है और ऐसे मामलों में फरार चल रहे आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक विशाखा असवाल तथा हेड कांस्टेबल माजिद खान शामिल रहे, जिन्होंने आरोपी की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




