रुड़की। रुड़की गढ़वाल सभा (रजि.) की ओर से सुभाष नगर, पनियाला रोड स्थित सभा प्रांगण में आयोजित वार्षिक श्री राम चरित्र मंचन (श्रीरामलीला) के दूसरे दिन गुरुवार को भक्तिमय वातावरण में प्रभु श्रीराम एवं माता सीता के जन्मोत्सव का भव्य और भावपूर्ण मंचन किया गया। रामलीला के दौरान भगवान श्रीराम के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों ने धार्मिक प्रसंगों का आनंद लिया और कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना की।
कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने श्रवण लीला, कैलाश पर्वत पर शिव-पार्वती संवाद, रावण का राज्य कर, राजा दशरथ द्वारा पुत्रेष्टि यज्ञ तथा प्रभु श्रीराम एवं माता सीता के जन्मोत्सव की लीलाओं का सजीव मंचन किया। कलाकारों ने अपने अभिनय से धार्मिक प्रसंगों को इस तरह प्रस्तुत किया कि उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी रुड़की के जिला महामंत्री एवं होटल सेंटर पॉइंट, सिविल लाइंस के अध्यक्ष अक्षय प्रताप सिंह उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी एवं रुड़की विधानसभा क्षेत्र के महेंद्र काला ने शिरकत की। सभा की ओर से अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इस अवसर पर सभा भवन के नवीनीकरण के लिए 50 हजार रुपये का सहयोग देने वाले श्रीमान जसपाल सिंह गुसाईं एवं उनकी धर्मपत्नी को सभा अध्यक्ष और कार्यकारिणी की ओर से शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
श्रीरामलीला समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन हमारी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं। रामलीला के माध्यम से नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, त्याग और संस्कारों से परिचित होने का अवसर मिलता है।
आयोजन को सफल बनाने में संरक्षक हर्ष प्रकाश काला, अध्यक्ष चन्द्रमोहन जोशी, सचिव राकेश चौहान, संयोजक कमला बमोला, सह संयोजक सुशील रावत, उपाध्यक्ष के.वी. उनियाल, सांस्कृतिक मंत्री एवं निर्देशक विवेकानंद डोभाल तथा सह निर्देशक अर्पण जोशी का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर मोहनलाल बहुगुणा, विक्रम सिंह नेगी, नारायण सिंह रावत, भारतेंद्र ममगाईं, ओम प्रकाश कोटनाला, रवि वंदूनी, राहुल कंडारी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
आज होगा अहिल्या उद्धार और पुष्पवाटिका का मंचन
समिति ने जानकारी देते हुए बताया कि रामलीला के तीसरे दिन शुक्रवार (27 नवंबर) को राक्षसों का आतंक, दशरथ दरबार, महर्षि विश्वामित्र द्वारा राम-लक्ष्मण को यज्ञ की रक्षा के लिए ले जाना, ताड़िका एवं सुबाहु वध, जनक दूत का निमंत्रण, अहिल्या उद्धार और पुष्पवाटिका सहित विभिन्न आकर्षक प्रसंगों का मंचन किया जाएगा। समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ उठाने की अपील की।




