उत्तराखंडदेहरादूनपिरान कलियररूडकीहरिद्वार

पिरान कलियर में सफाई व्यवस्था बदहाल, जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर से जायरीन परेशान

 

कलियर। विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थली पिरान कलियर में दरगाह क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पूरी तरह बदहाल नजर आ रही है। दरगाह में करीब डेढ़ दर्जन सफाई कर्मचारी तैनात होने के बावजूद क्षेत्र की प्रमुख पार्किंगों और आसपास के इलाकों में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। इससे दरगाह में आने वाले जायरीनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

फोर व्हीलर पार्किंग, हज हाउस के सामने स्थित पार्किंग सहित दरगाह क्षेत्र के कई स्थानों पर कूड़ा जमा होने से गंदगी का अंबार लगा हुआ है। कूड़े से उठने वाली दुर्गंध के कारण जायरीन नाक-मुंह ढककर वहां से गुजरने को मजबूर हैं। वहीं पार्किंग में अपने वाहन खड़े करने वाले जायरीन भी पार्किंग ठेकेदार से सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग करने लगे हैं।

हैरानी की बात यह है कि दरगाह क्षेत्र में सफाई कर्मचारियों की तैनाती होने के बावजूद सफाई व्यवस्था में सुधार होता नजर नहीं आ रहा है। इससे दरगाह प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। देश के विभिन्न हिस्सों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में जायरीन पिरान कलियर पहुंचते हैं, लेकिन जगह-जगह फैली गंदगी तीर्थस्थली की छवि को प्रभावित कर रही है।

अब देखना यह होगा कि दरगाह प्रशासन इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए क्या कदम उठाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button