। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी में हुई जनसभा के बाद सामने आए कथित ‘शुद्धिकरण’ प्रकरण के विरोध में सोमवार को कांग्रेस ने राजधानी देहरादून में जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। प्रदेशभर से जुटे हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारी बारिश के बीच परेड ग्राउंड से मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। हाथीबड़कला चौकी के पास पुलिस ने बैरीकेडिंग कर कांग्रेसियों को रोक दिया। आगे बढ़ने को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक एवं धक्का- मुख हुई
बारिश भी नहीं रोक सकी कांग्रेसियों के कदम
परेड ग्राउंड में आयोजित ‘हल्ला बोल रैली’ में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। रैली में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत और चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह सहित पार्टी के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।

सभा समाप्त होने के बाद हजारों कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे लेकर मुख्यमंत्री आवास की ओर रवाना हुए। तेज बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं के कदम नहीं रुके। जैसे ही जुलूस हाथीबड़कला पहुंचा, पुलिस ने भारी सुरक्षा बल की मौजूदगी में बैरीकेडिंग लगाकर रास्ता रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच काफी देर तक नोकझोंक होती रही।
पुलिस द्वारा आगे जाने से रोके जाने के बाद बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बारिश के बीच सड़क पर बैठे कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध जारी रखा।
गणेश गोदियाल बोले—विपक्ष के सम्मान से समझौता नहीं
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि हल्द्वानी में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ जिस प्रकार का व्यवहार किया गया, वह लोकतांत्रिक परंपराओं और विपक्ष के सम्मान के विपरीत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर संघर्ष जारी रखेगी।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता पक्ष के साथ-साथ विपक्ष का सम्मान भी जरूरी है। कांग्रेस जनता और विपक्ष की आवाज को दबने नहीं देगी तथा लोकतांत्रिक तरीके से सरकार के सामने अपनी बात रखती रहेगी।
कांग्रेस के दिग्गजों ने संभाला मोर्चा
हल्ला बोल रैली में वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत, विधायक काजी निजामुद्दीन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, विधायक ममता राकेश, हाजी फुरकान अहमद, मदन सिंह बिष्ट, विक्रम सिंह, विजय सारस्वत, मयूख महर, भुवन कापड़ी, जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट, पूर्व विधायक राजकुमार ठकराल, पूर्व मंत्री राम सिंह सैनी, पूर्व मेयर गौरव गोयल और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महामंत्री सचिन गुप्ता समेत बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।
प्रदर्शन से शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित
कांग्रेस के मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। परेड ग्राउंड से हाथीबड़कला तक कई स्थानों पर बैरीकेडिंग और यातायात डायवर्जन किया गया। प्रदर्शन के कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा और कई स्थानों पर लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ा।
परेड ग्राउंड में कई नेताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ
मुख्यमंत्री आवास कूच से पहले परेड ग्राउंड में कांग्रेस की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए कई नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इनमें रुड़की के पूर्व मेयर यशपाल राणा, पूर्व राज्य मंत्री राजकुमार वालिया और पूर्व प्रधानाचार्य मनोज सैनी प्रमुख रहे। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा एवं प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पार्टी में शामिल हुए नेताओं का स्वागत किया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आगामी समय में पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत किया जाएगा तथा कार्यकर्ताओं को एकजुट कर जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष तेज किया जाएगा



