इमलीखेड़ा। नगर पंचायत इमलीखेड़ा में भाजपा सरकार द्वारा राकेश पाल को नामित किए जाने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल देखने को मिला। उनके कार्यालय पर सुबह से ही समर्थकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों का तांता लगा रहा। लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर और शुभकामनाएं देकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि राकेश पाल लंबे समय से जनता के बीच सक्रिय रहकर जनहित के मुद्दों को उठाते रहे हैं। यही कारण है कि सरकार ने उन पर विश्वास जताते हुए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। लोगों का मानना है कि उनके अनुभव और सक्रियता का लाभ अब पूरे नगर पंचायत क्षेत्र को मिलेगा।
इस अवसर पर राकेश पाल ने सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि इमलीखेड़ा की जनता का सम्मान है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे बिना किसी भेदभाव के नगर पंचायत के विकास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क, जल निकासी और अन्य जनसमस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
राकेश पाल के नामांकन के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आने वाले समय में नगर पंचायत में विकास कार्यों को नई दिशा और नई गति मिलेगी।




