इमलीखेड़ा, हरिद्वार। उत्तराखंड शासन ने नगर पंचायत इमलीखेड़ा में चार मनोनीत सभासदों के नामों की घोषणा कर दी है। शासन की ओर से जारी अधिसूचना के बाद स्थानीय राजनीति में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। राजनीतिक गलियारों में इस फैसले को आगामी समीकरणों से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

जारी अधिसूचना के अनुसार राकेश पाल, अनुष्का, कर्म सिंह और अजय गोयल को नगर पंचायत इमलीखेड़ा का मनोनीत सभासद बनाया गया है। खास बात यह है कि वार्ड नंबर-6 एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। अब इस वार्ड का प्रतिनिधित्व और मजबूत माना जा रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों की विकास को लेकर उम्मीदें भी बढ़ गई हैं।

नगर पंचायत में मनोनीत सभासदों की नियुक्ति के बाद लोगों की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि नए जनप्रतिनिधि जनता की अपेक्षाओं पर कितना खरा उतरते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सभी जनप्रतिनिधि मिलकर काम करें तो सड़क, नाली, पेयजल, सफाई और अन्य विकास कार्यों में तेजी आ सकती है।

फिलहाल, शासन के इस फैसले ने इमलीखेड़ा की राजनीति में नई ऊर्जा भर दी है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि ये नए मनोनीत सभासद नगर पंचायत के विकास में क्या नई भूमिका निभाते हैं और जनता की उम्मीदों पर कितना खरे उतरते हैं।





