पिरान कलियर। पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र के मोहम्मदपुर पांडा गांव में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित ‘छत्रपति शिवाजी रेस्टोरेंट’ का शुभारंभ भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिला समूह की सदस्याएं एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर रोमा सैनी ने कहा कि यह रेस्टोरेंट गांव की महिलाओं की मेहनत, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भर बनने की सोच का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में सरकार लगातार कार्य कर रही है और इसी का परिणाम है कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं अब स्वयं रोजगार स्थापित कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। आने वाले समय में अधिक से अधिक महिलाएं सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनेंगी और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करेंगी।
कार्यक्रम के दौरान रोमा सैनी ने राजनीतिक विषयों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र की जनता का उन्हें लगातार स्नेह और समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी उन्हें वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाती है तो वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ चुनाव लड़ेंगी तथा पिरान कलियर सीट भाजपा की झोली में डालने का पूरा प्रयास करेंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि वे लगातार क्षेत्र में रहकर लोगों की समस्याओं को सुन रही हैं और उनके समाधान के लिए प्रयासरत हैं। जनता का सहयोग और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
रोमा सैनी ने 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के कुछ नेताओं द्वारा महिलाओं के प्रति अभद्र टिप्पणी की गई, जिसके विरोध में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जिलों में शिकायत दर्ज कराई। कार्यक्रम में मौजूद महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि रोमा सैनी लगातार महिला सशक्तिकरण और क्षेत्र के विकास के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। उनका कहना था कि यदि पार्टी उन्हें पिरान कलियर विधानसभा से उम्मीदवार बनाती है तो वे पूरी ताकत के साथ उनका समर्थन करेंगी और उन्हें विजयी बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगी।




