उपखंड अधिकारी अनुभव सैनी के नेतृत्व में बिजली चोरों पर बड़ी कार्रवाई, 20 लोग पकड़े गए
मंगलौर। विद्युत वितरण उपखंड मंगलौर के उपखंड अधिकारी अनुभव सैनी के नेतृत्व में शुक्रवार को चलाए गए सघन बिजली चोरी चेकिंग अभियान में 20 लोगों को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और कई स्थानों पर लोगों ने आनन-फानन में अवैध तार हटाने का प्रयास किया।
प्राप्त शिकायतों के आधार पर विद्युत विभाग की टीम ने कस्बा मंगलौर के लालबाड़ा, मानक चौक एवं चुंगी नंबर-5 क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान कई उपभोक्ता डायरेक्ट कटिया डालकर बिजली का उपयोग करते पाए गए। कुछ स्थानों पर अवैध कनेक्शन के माध्यम से एसी सहित अन्य विद्युत उपकरण संचालित किए जा रहे थे, जिससे विद्युत व्यवस्था पर अतिरिक्त भार पड़ रहा था।
अभियान के दौरान टीम ने मौके पर ही 20 बिजली चोरी के मामलों का खुलासा किया। विभागीय अधिकारियों के पहुंचते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई लोगों ने अवैध केबल हटाने का प्रयास किया, लेकिन विभागीय टीम की सतर्कता के चलते बिजली चोरी के मामलों को चिन्हित कर लिया गया।

अभियान का नेतृत्व कर रहे उपखंड अधिकारी अनुभव सैनी ने कहा कि बिजली चोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पकड़े गए सभी लोगों के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी बिजली चोरी के खिलाफ इसी प्रकार के सघन अभियान लगातार जारी रहेंगे।
इस दौरान अवर अभियंता आशीष सहित विभागीय लाइन स्टाफ भी मौजूद रहा।
उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील
उपखंड अधिकारी अनुभव सैनी ने क्षेत्र के उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वर्तमान में भीषण गर्मी के कारण बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है, जिससे विद्युत तंत्र पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। ऐसे समय में सभी उपभोक्ता बिजली का उपयोग आवश्यकता के अनुसार करें, अनावश्यक विद्युत उपकरणों का प्रयोग कम करें तथा पीक आवर्स में बिजली की बचत करें। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के सहयोग से ही क्षेत्र में बेहतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकती है।




