भारतीय किसान यूनियन (रोड) किसानों के हितों की लड़ाई को लेकर लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने उप जिलाधिकारी हरिद्वार से मुलाकात कर किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तृत वार्ता की। इस दौरान कई महत्वपूर्ण मामलों के निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी पदम सिंह रोड के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। ग्राम दरियापुर में किसानों के खेतों से अवैध खनन के मामले पर एसडीएम योगेश मेहरा ने जिला खान अधिकारी को जांच कर पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम डालूवाला के एक किसान की शिकायत पर उसके चक की पैमाइश कराने के लिए राजस्व विभाग की टीम को निर्देशित किया गया।
बैठक के दौरान जल संस्थान के अधिशासी अभियंता ओम गुप्ता ने ग्रामीण क्षेत्रों में खराब पड़ी पानी की टंकियों की मरम्मत तथा सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए।
भाकियू (रोड) के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर संजीव कुशवाहा ने कहा कि किसानों का बकाया गन्ना भुगतान और ग्रामीण क्षेत्रों में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों का मुद्दा बेहद गंभीर है। संगठन इन दोनों विषयों को लेकर जल्द ही प्रदेश के मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा और किसानों की आवाज को मजबूती के साथ सरकार के समक्ष रखेगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन (रोड) किसानों के अधिकारों और सम्मान के लिए लगातार संघर्षरत है तथा किसानों की हर समस्या के समाधान तक आंदोलन और संवाद दोनों स्तरों पर प्रयास जारी रहेंगे।
इस अवसर पर प्रदेश महासचिव प्रदीप त्यागी, प्रदेश उपाध्यक्ष अनीश प्रधान, शहजाद कारी, टीटू मलिक, रजत रोड, शेर मोहम्मद, अवनीश रोड, ताज मोहम्मद, पराग त्यागी, कुलदीप त्यागी, रामदास सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे।




