हरियाणा सरकार ने अमित सैनी को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, हरियाणा कला परिषद में अतिरिक्त निदेशक नियुक्त
हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम निवासी अमित सैनी को एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए हरियाणा कला परिषद में अतिरिक्त निदेशक, गुरुग्राम नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के आदेश जारी होते ही सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सैनी समाज के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। अमित सैनी की इस उपलब्धि को उनके लंबे समय से किए जा रहे सामाजिक एवं सांस्कृतिक योगदान का सम्मान माना जा रहा है।
हरियाणा सरकार के कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार राज्यपाल की स्वीकृति के बाद अमित सैनी की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि उनकी नियुक्ति सरकार द्वारा निर्धारित नियमों एवं शर्तों के तहत प्रभावी रहेगी।
यह नियुक्ति सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से जारी की गई, जिस पर आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित के. अग्रवाल के हस्ताक्षर हैं। साथ ही आदेश की प्रतियां संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेज दी गई हैं।
अमित सैनी की नियुक्ति के बाद गुरुग्राम सहित प्रदेशभर में उनके समर्थकों एवं शुभचिंतकों ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। लोगों का कहना है कि अमित सैनी लंबे समय से सामाजिक सरोकारों, कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं और उनकी कार्यशैली हमेशा सकारात्मक एवं जनहित से प्रेरित रही है। यही कारण है कि सरकार ने उन पर भरोसा जताते हुए इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
सामाजिक संगठनों एवं युवाओं ने उम्मीद जताई है कि अमित सैनी के नेतृत्व में हरियाणा कला परिषद की गतिविधियों को नई गति मिलेगी और प्रदेश के कलाकारों, युवाओं एवं सांस्कृतिक प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। लोगों का मानना है कि उनकी नियुक्ति से कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार होगा।
इस नियुक्ति को लेकर राजनीतिक एवं सामाजिक गलियारों में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है। कई लोगों ने इसे सैनी समाज के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि अमित सैनी ने अपनी मेहनत, लगन और सामाजिक सक्रियता के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।
प्रदेशभर से लगातार उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाइयां मिल रही हैं। उनके समर्थकों का कहना है कि अमित सैनी आने वाले समय में कला, संस्कृति एवं सामाजिक क्षेत्र में और अधिक प्रभावशाली कार्य करते हुए युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे।




