पुहाना स्थित रुड़की इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में दीक्षांत समारोह एवं एलुमनी मीट का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में वर्ष 2024 एवं 2025 के विभिन्न पाठ्यक्रमों से उत्तीर्ण विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान की गईं।

समारोह में वर्ष 2024 के 158 स्नातक (यूजी), 86 स्नातकोत्तर (पीजी) तथा 28 ऑनर्स विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान की गईं। वहीं वर्ष 2025 के 190 स्नातक (यूजी), 90 स्नातकोत्तर (पीजी) एवं 38 ऑनर्स विद्यार्थियों को डिग्रियाँ वितरित की गईं।
इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन सीए एस.के. गुप्ता, वाइस चेयरमैन संजय अग्रवाल, मैनेजमेंट ट्रस्टी यश अग्रवाल एवं नमन अग्रवाल ने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। समारोह में संस्थान के चेयरमैन सीए एस.के. गुप्ता एवं वाइस चेयरमैन संजय अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) पराग जैन ने अपने संबोधन में संस्थान की प्रगति एवं उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के अंत में डायरेक्टर जनरल प्रो. (डॉ.) एम.जे. निगम ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। संपूर्ण कार्यक्रम का समन्वयन एवं आयोजन रजिस्ट्रार श्री मुनेन्द्र चौहान एवं विभागाध्यक्ष (सीएसई) डॉ. लोकेश कुमार द्वारा किया गया।

इस अवसर पर डीन एकेडमिक्स प्रो. गौरव चतुर्वेदी, श्री हर्षित गौतम, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं समस्त फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे।
इसके पश्चात दोपहर में एक भव्य एलुमनी मीट का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पूर्व विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विभिन्न प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियों में कार्यरत पूर्व छात्रों ने अपने व्यावसायिक अनुभव एवं कॉर्पोरेट जगत से जुड़े बहुमूल्य विचार साझा किए द्य कार्यक्रम के दौरान पूर्व विद्यार्थियों ने संस्थान में बिताए गए सुनहरे पलों को स्मरण करते हुए पुरानी यादों को ताजा किया। सौहार्दपूर्ण एवं भावनात्मक वातावरण में आयोजित इस एलुमनी मीट ने सभी पूर्व छात्रों को एक बार पुनः संस्थान से जोड़ने का कार्य किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रश्मि गुप्ता द्वारा किया गया।




