खबर का असर : इमलीखेड़ा बाईपास पर भरा गया जानलेवा गड्ढा, लोगों ने ली राहत की सांस
नगर पंचायत इमलीखेड़ा क्षेत्र के इमलीखेड़ा बाईपास पर लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी और हादसों का कारण बना गड्ढा आखिरकार भर दिया गया। क्षेत्र की समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद संबंधित विभाग ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सड़क की मरम्मत कराई, जिससे स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।
बाईपास मार्ग पर बने गहरे गड्ढे के कारण रोजाना वाहन चालकों, स्कूली छात्रों और राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। कई बार वाहन चालक हादसे का शिकार होते-होते बचे। स्थानीय नागरिक लगातार सड़क सुधार की मांग कर रहे थे। मामला सामने आने के बाद विभाग सक्रिय हुआ और मौके पर पहुंचकर गड्ढे को भरवाने का कार्य पूरा कराया गया।
सड़क ठीक होने के बाद अब लोगों को आवागमन में काफी राहत मिल रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग का आभार जताते हुए कहा कि जनसमस्याओं पर समय रहते कार्रवाई होना बेहद जरूरी है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि इसी तरह प्रशासन जनता की समस्याओं पर संवेदनशीलता दिखाता रहा तो क्षेत्र में विकास और व्यवस्था दोनों मजबूत होंगे। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी सड़कों और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर इसी प्रकार त्वरित कार्रवाई देखने को मिलेगी।




