उत्तराखंडरूडकीहरिद्वार

बिजली चोरी करने वालों पर विद्युत विभाग की बड़ी कार्रवाई, 16 मामले पकड़े गए

बिजली चोरी करने वालों पर विद्युत विभाग की बड़ी कार्रवाई, 16 मामले पकड़े गए

मंगलौर। विद्युत वितरण उपखंड मंगलौर एवं विजिलेंस टीम द्वारा बिजली चोरी के खिलाफ संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। दिनांक 21 मई 2026 को प्राप्त शिकायतों के आधार पर कस्बा मंगलौर के मोहल्ला सैनीपुरा, मानक चौक, हैदरी चौक तथा ग्राम मुण्डेट में व्यापक जांच की गई। अभियान के दौरान 16 बिजली चोरी के मामले पकड़े गए, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जांच के दौरान सामने आया कि भीषण गर्मी में कई लोग डायरेक्ट कटिया डालकर एसी चला रहे थे, वहीं कुछ स्थानों पर बिजली चोरी कर हीटर पर खाना भी बनाया जा रहा था। टीम की कार्रवाई शुरू होते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई लोगों ने आनन-फानन में अवैध केबल हटाने का प्रयास किया।

संयुक्त अभियान में उपखंड अधिकारी अनुभव सैनी, अवर अभियंता सौरभ सिंह भाटी, अवर अभियंता विकास कुमार, सहायक अभियंता धनंजय सिंह, सहायक अभियंता विकास कुमार, सहायक अभियंता अनिल कुमार, अवर अभियंता अनीता काला, अवर अभियंता सपना, इंस्पेक्टर मारुत साह, इंस्पेक्टर सरिता शाह तथा सब इंस्पेक्टर संजीव त्यागी सहित विजिलेंस एवं विद्युत विभाग की टीम मौजूद रही।

विभाग की ओर से बताया गया कि बिजली चोरी करते पाए गए लोगों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए मुकदमे दर्ज कराए जाएंगे। साथ ही भविष्य में भी विजिलेंस टीम एवं उपखंड मंगलौर की टीम द्वारा संयुक्त रूप से लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।

विद्युत विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के कारण बिजली की मांग और लोड लगातार बढ़ रहा है, जिससे विद्युत व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव बना हुआ है। विभाग 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के लिए लगातार प्रयासरत है। उपभोक्ताओं से अनुरोध किया गया है कि बिजली का उपयोग आवश्यकता अनुसार एवं सावधानीपूर्वक करें, एक साथ अधिक विद्युत उपकरणों का प्रयोग न करें तथा पीक समय में बिजली की खपत सीमित रखें। विभाग ने कहा कि उपभोक्ताओं के सहयोग से ही सुचारू विद्युत व्यवस्था बनाए रखना संभव हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button