अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर आशीष सैनी ने कहा कि हरिद्वार उनकी विकास प्राधिकरण में राजस्व चोरी के अनेक मामले सामने आ रहे हैं इन मामलों पर संबंधित अधिकारी कार्रवाई करने के बजाय आरोपियों को बचाने का कार्य कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता आशीष सैनी ने बताया कि आवासीय भूखंडों एवं कॉलोनी के लेआउट पास करने के मामले में पहले उनको निरस्त करना और बाद में भ्रष्टाचार करते हुए काम राजस्व पर स्वीकृत करना एक गंभीर अपराध है। बाग एवं खेती की भूमि पर भूखंड एवं आवासीय कॉलोनी बनाने के मामले में माननीय उच्चतम न्यायालय के आदेश की अवहेलना की जा रही है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र की जनता द्वारा अनेक शिकायतें की जाती है जिस पर अधिकारी संज्ञान लेने के बजाय अपने भ्रष्टाचार को सुरक्षित करने का कार्य करते हैं। दूसरे राज्यों से प्रति नियुक्ति पर आए, एक्सटेंशन पर नियुक्त एवं संविदा पर तैनात कर्मचारी भ्रष्टाचार करने के लिए एक षड्यंत्रकारी ग्रुप बनाए हुए हैं। जिनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्राधिकरण के अधिकारियों के हाथ पांव फूल जाते हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है जहां सामान्य आवेदकों को लूटा जाता है और अवैध निर्माण करने वालों का संरक्षण किया जाता है। उन्होंने कहा कि यदि समय पर कार्रवाई न हुई तो राजस्व चोरी एवं भ्रष्टाचार के मामले में शीघ्र कार्रवाई के लिए विशेष कार्यबल गठित करने की मांग मुख्यमंत्री से की जाएगी। कार्रवाई न होने की स्थिति में न्यायालय का सहारा भी लिया जाएगा।



