इमलीखेड़ा नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था इन दिनों बदहाल स्थिति में है। वार्ड नंबर 9 से होकर गुजरने वाले शिव मंदिर–मुख्य मार्ग पर जगह-जगह गंदगी और पानी भरा हुआ दिखाई देता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत प्रशासन सफाई व्यवस्था को लेकर पूरी तरह लापरवाह है।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि जब इमलीखेड़ा ग्राम पंचायत हुआ करता था, तब मुख्य मार्गों पर नियमित सफाई देखने को मिलती थी। लेकिन नगर पंचायत बनने के बाद, टैक्स तो वसूला जा रहा है पर सफाई व्यवस्था शून्य हो चुकी है।

लोगों का आरोप है कि सभासद मेहरबान मालिक, जो इसी क्षेत्र से गुजरते हैं, उन्हें यह गंदगी दिखाई नहीं देती। नागरिकों का कहना है कि सभासद और नगर पंचायत प्रशासन दोनों की अनदेखी के कारण क्षेत्रवासियों को गंदगी और बदबू झेलनी पड़ रही है।

सूत्रों का कहना है कि नगर पंचायत के पास सफाई कर्मी और वाहन डीजल ईंधन दोनों की उपलब्धता है, और सरकार सफाई के लिए नगर पंचायत को पैसा भी दे रही है फिर भी मुख्य मार्गों की स्थिति दयनीय है। लोगों का सवाल है — “जब मुख्य मार्ग की सफाई नहीं हो पा रही है, तो विकास के नाम पर नगर पंचायत से क्या उम्मीद की जाए?”
जब इस विषय पर ईओ मंजू से दैनिक गढ़वाल कि पीड़ा के जिला प्रभारी द्वारा संपर्क कर उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई, तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

इस मामले में नगरपंचायत निवासियों ने कहा कि यदि जल्द सफाई व्यवस्था नहीं सुधरी तो स्थानीय निवासियों द्वारा इस मुद्दे को उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाएँगे।




